सिदरा अमीन की रिकॉर्ड-तोड़ बल्लेबाजी के बदौलत पाकिस्तान ने पहले वनडे में आयरलैंड को दी करारी मात
सिदरा अमीन को उनकी रिकॉर्ड-तोड़ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अद्यतन - Nov 5, 2022 5:55 pm

पाकिस्तान ने आईसीसी महिला चैम्पियनशिप के नवीनतम चक्र में अपना दबदबा जारी रखा है। पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम ने 4 नवंबर को लाहौर में खेले गए पहले वनडे में सिदरा अमीन और मुनीबा अली के शानदार शतकों और उनकी रिकॉर्ड ओपनिंग साझेदारी के बदौलत आयरलैंड को 128 रनों से मात दी।
यह आईसीसी महिला चैम्पियनशिप के नवीनतम चक्र में पाकिस्तान की चार मैचों में तीसरी जीत थी। इससे पहले उन्होंने इस साल जून में श्रीलंका पर 2-1 से वनडे सीरीज में जीत दर्ज की थी। इस बीच, पाकिस्तानी की सलामी बल्लेबाज सिदरा अमीन ने 151 गेंदों में 20 चौको और एक छक्के की मदद से नाबाद 176 रनों की पारी खेली, जो वनडे क्रिकेट में पाकिस्तान के बल्लेबाज द्वारा सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है।
सिदरा अमीन ने आयरलैंड के गेंदबाजों को चटाई धूल
इसके अलावा, सिदरा ने अपनी साथी सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली (107) के साथ पहले विकेट के लिए 221 रनों की साझेदारी की, जो पाकिस्तान की अब तक की सर्वोच्च साझेदारी है, और पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम को वनडे क्रिकेट में पहली बार 300 से अधिक का स्कोर (335/3) पोस्ट करने में मदद की।
वहीं दूसरी ओर, अर्लीन केली ने आयरलैंड के लिए सर्वाधिक दो विकेट लिए, जबकि एमियर रिचर्डसन को एक सफलता मिली। जीत के लिए 336 रनों का पीछा करते हुए आयरलैंड महिला क्रिकेट अपने पहले पाकिस्तान दौरे पर पहले मैच में 128 रनों पर ढेर हो गई और यह मैच 128 रनों से गंवा बैठे।
केवल कप्तान लौरा डेलानी ने आयरलैंड के लिए अर्धशतक बनाया, जबकि अन्य कोई भी बल्लेबाज 30 रनों के आंकड़े तक पहुंच तक नहीं पाया। वहीं दूसरी ओर, निदा डार ने पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक तीन विकेट लिए, जबकि फातिमा सना और नशरा संधू ने दो-दो विकेट चटकाएं, वहीं कायनात इम्तियाज और आलिया रियाज को एक-एक सफलता मिली। आपको बता दें, सिदरा अमीन को उनकी रिकॉर्ड-तोड़ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।