बांग्लादेश के खिलाफ रीस टॉपले ने की धमाकेदार शुरुआत, तीन बल्लेबाजों को सस्ते में भेजा पवेलियन
इंग्लैंड ने इस मैच में काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 364 रन बनाए।
अद्यतन - Oct 10, 2023 3:41 pm

इस समय आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का सातवां मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में इंग्लैंड और बांग्लादेश के बीच खेला जा रहा है। इंग्लैंड ने इस मैच में काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 364 रन बनाए।
इंग्लैंड की ओर से बेहतरीन बल्लेबाज डेविड मलान ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 107 गेंदों में 16 चौके और 5 छक्कों की मदद से 140 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। उन्होंने बांग्लादेश के किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ा और सभी पर कड़क प्रहार किया। डेविड मलान के अलावा अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने भी 68 गेंदों में 8 चौके और 1 छक्के की मदद से 82 रनों की जबरदस्त पारी खेली। जॉनी बेयरस्टो ने 52 रनों का योगदान दिया।
बांग्लादेश को भी इस मैच में अच्छी शुरुआत करनी थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। टीम ने अपनी शुरुआती तीन विकेट महज 26 रन पर ही गंवा दिए। युवा बल्लेबाज तंज़िद हसन एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। नजमुल हसन शान्तो इस मैच में बिना खाता खोले पहली गेंद पर ही आउट होग गए। कप्तान शाकिब अल हसन की इस मैच में अच्छी बल्लेबाजी करने में नाकाम रहे और एक रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे।
इंग्लैंड की ओर से यह तीनों ही विकेट रीस टॉपले ने झटके। अच्छी बल्लेबाजी के बाद टीम ने अभी तक गेंदबाजी भी काफी शानदार की है और बांग्लादेश के ऊपर शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा हुआ है।
बांग्लादेश को मैच जीतने के लिए 365 रनों की जरूरत
मैच की बात की जाए तो बांग्लादेश की ओर से मेहदी हसन ने 8 ओवर में 71 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए जबकि शोरीफुल इस्लाम ने तीन विकेट झटके। तस्कीन अहमद और कप्तान शाकिब अल हसन ने एक-एक विकेट हासिल किया।
बांग्लादेश को अगर इंग्लैंड के खिलाफ मैच जीतना है तो उन्हें 50 ओवर में 365 रन बनाने होंगे। हालांकि जिस तरीके से टीम ने शुरुआत की है उसको देखकर ऐसा कहा जा सकता है कि यह मैच इंग्लैंड अपने नाम कर सकता है।