भारत-दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए स्टेडियम में मिलेगी 100% दर्शकों को एंट्री! - क्रिकट्रैकर हिंदी

भारत-दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए स्टेडियम में मिलेगी 100% दर्शकों को एंट्री!

भारत नौ जून से शुरू होने वाले पांच मैचों की टी-20 सीरीज में दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी करेगा।

Team India. (Photo Source: BCCI)
Team India. (Photo Source: BCCI)

आईपीएल 2022 अब कुछ ही दिनों में समाप्त हो जाएगा, इसके ठीक बाद टीम 5 मैचों की टी-20 सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीकी टीम भारत का दौरा करेगी। इस सीरीज का पहला मुकाबला 9 जून को दिल्ली में खेला जाएगा, वहीं आखिरी मैच 19 जून को बेंगलुरु में होगा। इस बीच कुछ रिपोर्ट्स की माने तो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आगामी सीरीज के लिए मैदान पर 100 प्रतिशत दर्शकों की एंट्री को मंजूरी दे दी है।

मार्च 2020 में कोविड-19 के आने के बाद से पिछले कुछ वर्षों में सभी मैच बिना दर्शकों के आयोजित किए जा रहे थे। स्थिति इतनी खराब थी कि, BCCI को 2020 और 2021 संस्करणों के दौरान IPL का आयोजन यूएई में करवाना पड़ा था। इस बीच सिमित मात्रा में दर्शकों की मौजूदगी में आईपीएल 2022 का आयोजन किया जा रहा है।

बीसीसीआई के सूत्रों ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए दी बड़ी जानकारी

न्यूज18 के सूत्रों के मुताबिक, “बीसीसीआई भारत-दक्षिण अफ्रीका टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए स्टेडियमों में पूरी क्षमता के साथ दर्शकों को आने की अनुमति देगा। बता दें कि, इससे पहले बीसीसीआई ने मार्च के महीने में इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के सत्र को ध्यान में रखते हुए स्टेडियमों में 25 फीसदी से अधिक क्षमता के साथ दर्शकों को आने की अनुमति दी थी, वहीं बोर्ड ने पहले ही आईपीएल प्लेआफ के लिए 100 प्रतिशत दर्शकों की एंट्री को मंजूरी दे दी थी।

वहीं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जाने वाले सीरीज की बात करें तो पांचों मैच क्रमशः दिल्ली, कटक, विशाखापत्तनम, राजकोट और बेंगलुरु में 9 से 19 जून के बीच खेला जाएगा। इस बीच, खबर ये भी है कि कई खिलाड़ी जिन्होंने इस आईपीएल सीजन में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है उन्हें इस सीरीज के लिए टीम में चुना जा सकता है और साथ ही में शिखर धवन या हार्दिक पांड्या में से किसी एक को कप्तान बनाने पर विचार किया जा सकता है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि विराट कोहली, कप्तान रोहित शर्मा, ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह जैसे सीनियर खिलाड़ियों को घरेलू सीरीज और आयरलैंड के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए आराम दिया जा सकता है। इन सभी खिलाड़ियों को इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में शामिल किया जाएगा।

close whatsapp