BCCI ने NCA में आयोजित 20 दिवसीय कैंप के लिए अर्जुन तेंदुलकर, चेतन सकारिया समेत 19 लोगों को समन भेजा- रिपोर्ट्स
रणजी ट्राॅफी में पिछले साल गोवा के लिए डेब्यू करते हुए अर्जुन तेंदुलकर ने शतकीय पारी खेली थी
अद्यतन - जून 14, 2023 9:45 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट का स्वरूप पिछले कुछ सालों में काफी बदला है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) सीनियर खिलाड़ियों के साथ युवा खिलाड़ियों के कौशल सुधार हेतु लगातार कार्य कर रहा है। तो वहीं अब युवा क्रिकटरों की क्षमता में विकास के लिए बीसीसीआई ने नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) में 20 दिनों का एक कैंप आयोजित करने का प्लान बनाया है।
तो वहीं इस कैंप में सबसे बड़ी ध्यान देने वाली बात है कि पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को भी इस कैंप से जुड़ने के लिए बोर्ड द्वारा समन भेजा गया है। साथ ही चेतन साकरिया समेत कुल 19 खिलाड़ियों को इस कैंप से जुड़ने के लिए समन किया गया है। बता दें कि इस कैंप को आयोजित करवाने के पीछे एनसीए हेड और पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण हैं, जो युवा खिलाड़ियों से काफी करीब से जुड़े हुए हैं।
दूसरी ओर इस कैंप में हिस्सा लेने वाले युवा खिलाड़ियो को चयन घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन और हाल में ही खत्म हुए आईपीएल 2023 को भी पैमाना बनाया गया है। तो वहीं इस कैंप के बारे में जानकारी दें तो इसका मकसद युवाओं के कौशल (स्किल) को विकसित करना है, ताकि वे भविष्य में एलीट क्रिकेट के लिए खुद को तैयार कर सकें।
बता दें कि इस साल के अंत में अंडर-23 एशिया कप भी आयोजित होने वाला है। साथ ही इस कैंप में चुने गए खिलाड़ियों का चयन नेशनल सीनियर सेलेक्शन कमिटी द्वारा किया गया है और इस कमिटी के अध्यक्ष शिव सुंदर दास थे।
बीसीसीआई सोर्स ने दी जानकारी
बता दें कि इस कैंप को लेकर बीसीसीआई के एक सीनियर सोर्स ने पीटीआई के एक कोट के अनुसार कहा- साल के अंत में एक इमर्जिंग एशिया कप (अंडर-23) भी है, और बीसीसीआई इसके लिए संभावित युवाओं की तलाश कर रहा है। कैंप को आयोजित करना एनसीए प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण की योजना है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हम सभी प्रारूपों में मल्टी स्किल खिलाड़ियों को विकसित कर सकें।