आगामी रणजी ट्रॉफी 2022-23 में अंपायरिंग करते हुए नजर आएंगी महिला अंपायर - क्रिकट्रैकर हिंदी

आगामी रणजी ट्रॉफी 2022-23 में अंपायरिंग करते हुए नजर आएंगी महिला अंपायर

वृंदा राठी ने अंपायरिंग के लिए MCA और BCCI की परीक्षा पास की है।

Women Umpires (Image Source: Indian Express)
Women Umpires (Image Source: Indian Express)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) कथित तौर पर आगामी रणजी ट्रॉफी 2022-23 में महिला अंपायरों को मैदान में उतारने के लिए तैयार है। खबरों के अनुसार, तीन महिला अंपायर- वृंदा राठी, जननी नारायणन, और गायत्री वेणुगोपालन रणजी ट्रॉफी 2022-23 के दूसरे दौर से मैच अधिकारियों के रूप में कार्य करेगी।

हालांकि, वृंदा राठी, जननी नारायणन, और गायत्री वेणुगोपालन तीनों आगामी रणजी ट्रॉफी 2022-23 के अगले सप्ताह से शुरू होने वाले पहले दौर के मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं होंगी, क्योंकि वे सभी भारत और ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के बीच खेली जाने वाली आगामी T20I सीरीज में अंपायरिंग कर रही होंगी।

बीसीसीआई के एक अधिकारी ने द इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से कहा: “महिला अंपायर रणजी ट्रॉफी के दौरान अंपायरिंग करते हुए नजर आएगी। यह तो केवल एक शुरुआत है। बीसीसीआई ने उन्हें पुरुषों के क्रिकेट मैचों में भी मौका देने का फैसला किया है।”

जानिए इन तीन महिला अंपायरों के बारे में

आपको बता दें, वृंदा राठी और जननी नारायणन के पास पुरुषों के क्रिकेट में अंपायरिंग का थोड़ा अनुभव है, क्योंकि दोनों ने अंडर-23 सीके नायडू ट्रॉफी मैचों में अंपायरिंग की है। 32-वर्षीय वृंदा राठी मुंबई की रहने वाली है, जो मध्यम गति की गेंदबाज थी और मुंबई विश्वविद्यालय के लिए क्रिकेट खेला करती थी। उन्होंने साल 2010 में स्कोरर के लिए बीसीसीआई की परीक्षा पास की थी। वह साल 2013 में महिला वर्ल्ड कप के लिए आधिकारिक बीसीसीआई स्कोरर थी।

इसके अलावा, वृंदा राठी ने अंपायरिंग के लिए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन और बीसीसीआई की परीक्षा भी पास की है। वहीं 36-वर्षीय जननी नारायणन तमिलनाडु से ताल्लुक रखती है, और उन्होंने साल 2018 में बीसीसीआई के स्तर 2 अंपायरिंग परीक्षा पास की और आईटी नौकरी छोड़ क्रिकेट में करियर बनाया। जबकि गायत्री वेणुगोपालन दिल्ली से हैं, और वह एक पेशेवर क्रिकेटर बनना चाहती थीं, लेकिन कंधे की चोट ने उन्हें उनका सपना पूरा नहीं करने दिया। हालांकि, वेणुगोपालन ने हार नहीं मानी और उन्होंने बीसीसीआई की अंपायरिंग परीक्षा पास की और 2019 में एक मैच अधिकारी के रूप में क्रिकेट जगत में दाखिल हुईं।

close whatsapp