खतरे में है हरमनप्रीत कौर की कप्तानी, BCCI जल्द ले सकता है बड़ा फैसला
महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाई टीम इंडिया।
अद्यतन - Oct 16, 2024 8:01 pm

मौजूदा महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय महिला टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। टीम ने अपने अभियान की शुरुआत न्यूजीलैंड के खिलाफ हार के साथ की और फिर पाकिस्तान के खिलाफ मामूली जीत हासिल की। इसके अलावा, भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराया, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबला हार गयी, जिससे उन्हें टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज से बाहर होना पड़ा।
टूर्नामेंट में टीम के प्रदर्शन को देखते हुए, बीसीसीआई अब कुछ कड़े फैसले लेने पर विचार कर रहा है। दरअसल, BCCI ने महिला टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के जल्द बाहर होने के बाद कप्तानी में बदलाव पर विचार करने का मन बना लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कप्तान के रूप में हरमन के भविष्य पर चर्चा के लिए बीसीसीआई चयन समिति और मुख्य कोच अमोल मजूमदार के साथ बैठक करेगा।
गौरतलब है कि यह मीटिंग न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम की घोषणा से पहले होने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स की मानें तो हरमनप्रीत कौर की टीम में जगह को कोई खतरा नहीं है, लेकिन एक सपोर्ट स्टाफ के कॉन्ट्रैक्ट का नवीनीकरण नहीं किया जा सकता है।
हरमनप्रीत कौर से कप्तानी छीन सकता है बोर्ड
न्यूज 18 के हवाले से एक सूत्र ने कहा कि, “बीसीसीआई निश्चित रूप से इस बात पर चर्चा करेगी कि आगे चलकर बोर्ड में नया कप्तान रखा जाए या नहीं। भारतीय बोर्ड ने वह सब कुछ प्रदान किया है जो टीम चाहती थी, और हमें लगता है कि अब समय आ गया है कि कोई नया चेहरा टीम का नेतृत्व करे। हरमनप्रीत टीम की अहम सदस्य बनी रहेंगी, लेकिन बीसीसीआई को लगता है कि यह बदलाव का समय है।’
आपको बता दें कि हरमनप्रीत कौर को 2016 में भारत के कप्तान के रूप में नियुक्त किया गया था और उनकी कप्तानी में टीम 2018 और 2023 में महिला टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने में सफल रही, यहां तक कि 2020 में उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने फाइनल भी खेला था।