IPL 2022: इंग्लैंड के कोच पद के लालच में गैरी कर्स्टन छोड़ेंगे गुजरात टाइटन्स का साथ!
इंग्लैंड के टेस्ट और व्हाइट-बॉल दोनों कोच की भूमिकाओं के लिए उम्मीदवार 6 मई तक अपनी रुचि व्यक्त कर सकते हैं, जबकि साक्षात्कार 9 मई से शुरू होंगे।
अद्यतन - अप्रैल 28, 2022 10:19 पूर्वाह्न

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर गैरी कर्स्टन कथित तौर पर टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के नए मुख्य कोच बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं। वह इंग्लैंड क्रिकेट टीम के साथ बतौर कोच काम करने के लिए अपनी आईपीएल (IPL) फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटन्स (GT) का साथ जारी आईपीएल 2022 (IPL 2022) के बाद छोड़ सकते हैं।
भारत के 2011 वर्ल्ड कप विजेता कोच ने कथित तौर पर इंग्लैंड के प्रबंध निदेशक रॉब को इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कोच पद के लिए अपनी उपलब्धता और भूमिका में रुचि जाहिर कर दी है। जिसके बाद इंग्लैंड के टेस्ट कोच के रूप में गैरी कर्स्टन की नियुक्ति एक कदम और करीब पहुंच गई है।
ECB जल्द करेगा गैरी कर्स्टन और बेन स्टोक्स की नियुक्ति
इंग्लैंड ने क्रिस सिल्वरवुड के उत्तराधिकारी को खोजने के लिए आधिकारिक तौर पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने टेस्ट और सीमित ओवरों के क्रिकेट के अलग-अलग मुख्य कोचों के लिए ऑनलाइन विज्ञापन जारी कर दिया है। गैरी कर्स्टन को कथित तौर पर टेस्ट कोच की भूमिका सौंपी जाएगी, वहीं अलगे सप्ताह तक बेन स्टोक्स को इंग्लैंड का नया टेस्ट कप्तान भी घोषित कर दिया जाएगा।
इस सप्ताह की शुरुआत में खबरें थी कि ECB ने गैरी कर्स्टन से इंग्लैंड के कोच की भूमिका के लिए संपर्क किया था, लेकिन गुजरात टाइटन्स (GT) के साथ उनका आईपीएल अनुबंध राह में रोड़ा था। दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज गुजरात टाइटन्स (GT) के साथ उनके बल्लेबाजी कोच और मेंटर के रूप में जुड़े हुए हैं, लेकिन अब खबर आई हैं कि वह आईपीएल 2022 (IPL 2022) के बाद नई फ्रेंचाइजी का साथ छोड़ने के लिए तैयार हैं।
डेली मेल की एक रिपोर्ट के अनुसार, गैरी कर्स्टन ने रॉब की को सूचित किया है कि वह इस भूमिका के लिए ‘उपलब्ध और इच्छुक’ हैं, जबकि इसे लेकर चर्चा ’25 अप्रैल को एक नए स्तर’ पर पहुंच गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वह टेस्ट कोच की भूमिका पाने के लिए ‘पोल पोजिशन’ में हैं।
आईपीएल 2022 के लिए गैरी कर्स्टन कर सकते हैं ECB से बड़ी मांग
रिपोर्ट में यह भी कहा गया हैं कि गैरी कर्स्टन जारी आईपीएल 2022 (IPL 2022) के खत्म होने के बाद गुजरात टाइटन्स (GT) के साथ अपनी भूमिका को समाप्त करने के लिए तैयार हैं, क्योंकि दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर को लगता है कि उन्हें ECB पर्याप्त मुआवजा देगा। लेकिन वह जारी आईपीएल 2022 (IPL 2022) में अपनी भूमिका पूरी करने देने की मांग कर सकते हैं, क्योंकि गुजरात टाइटन्स (GT) अपने पहले आठ मैचों में से सात मैच जीतकर नॉकआउट चरण के लिए प्रबल दावेदार है, और 29 मई को खेले जाने वाले फाइनल में भी जगह बना सकती है।
यदि गैरी कर्स्टन को नियुक्त किया जाता है, और उन्हें अपना आईपीएल कार्यकाल पूरा करने की अनुमति दी जाती है, तो वह बेन स्टोक्स को जरुरी मदद प्रदान करेंगे, जिन्हें जो रूट के उत्तराधिकारी के रूप में जल्द ही घोषित किया तय है, क्योंकि दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच 2 जून को प्रतिष्ठित लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच से चूक जाएंगे।