मोहम्मद सिराज और उमरान मलिक भारत के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 स्क्वॉड के साथ करेंगे पर्थ की यात्रा - क्रिकट्रैकर हिंदी

मोहम्मद सिराज और उमरान मलिक भारत के टी-20 वर्ल्ड कप 2022 स्क्वॉड के साथ करेंगे पर्थ की यात्रा

यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या जसप्रीत बुमराह 6 अक्टूबर को भारतीय खेमे के साथ पर्थ के लिए उड़ान भरते हैं या नहीं।

Umran Malik and Mohammed Siraj (Image Source: BCCI/Getty Images)
Umran Malik and Mohammed Siraj (Image Source: BCCI/Getty Images)

बहुप्रतीक्षित आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के ऑस्ट्रेलिया में शुरू होने में अब केवल दो सप्ताह शेष रह गए  हैं, ऐसे में भारतीय क्रिकेट टीम की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। रवींद्र जडेजा (घुटने की चोट) पहले ही टी-20 वर्ल्ड कप 2022 से बाहर हो गए हैं, और अब भारत के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के भी पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण इस बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट से बाहर होने की संभावना है।

हालांकि, बीसीसीआई ने इस संभावना से इंकार किया है, उन्हें उम्मीद है कि वह अगले 15 दिनों में ठीक हो जाएंगे, जबकि खबरों का दावा है कि उन्हें स्ट्रेस फ्रैक्चर से उबरने में चार-पांच महीने का समय लगेगा। इस बीच, अब खबरें आ रही है कि भारतीय टीम प्रबंधन ने बुमराह की उपलब्धता पर संदेह होने के कारण टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए उमरान मलिक और मोहम्मद सिराज को रिजर्व खिलाड़ियों के रूप में भारत के स्क्वॉड में शामिल किया है।

उमरान मलिक और मोहम्मद सिराज करेंगे भारतीय टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया की यात्रा

स्पोर्ट्सस्टार की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सिराज और मलिक दोनों भारत के टी-20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड के साथ 6 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया की यात्रा करेंगे, वहीं रेवस्पोर्ट्ज ने भी दावा किया है कि उमरान और सिराज को टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए भारत की रिजर्व लिस्ट में शामिल किया गया है।

आपको बता दें, टीम इंडिया पर्थ में अपने सप्ताह भर के तैयारी शिविर के बाद 17 अक्टूबर को अपना पहला अभ्यास मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ और दूसरा अभ्यास मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ ब्रिस्बेन में खेलेगी। भारत का आगामी टूर्नामेंट में पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ MCG में 23 अक्टूबर को है।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या जसप्रीत बुमराह 6 अक्टूबर को भारतीय खेमे के साथ पर्थ के लिए उड़ान भरते हैं और ऑस्ट्रेलिया में अपनी रिकवरी जारी रखते हैं, या फिर उन्हें बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) को रिपोर्ट करने के लिए कहा जाता है, जिसका मतलब होगा कि वह टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

close whatsapp