MS Dhoni के पास CSK के 1 लाख से ज्यादा शेयर, ऑफ-मार्केट डील से खरीदे
CSK ने धोनी से हिस्सेदारी पर बातचीत से किया इनकार
अद्यतन - सितम्बर 11, 2026 10:31 अपराह्न

पूर्व भारतीय कप्तान व दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, CSK के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के पास फ्रेंचाइजी के एक लाख से ज्यादा शेयर हैं।
खास बात यह है कि इन शेयरों की खरीदारी किसी सार्वजनिक डील के जरिए नहीं, बल्कि निजी ऑफ-मार्केट ट्रांजैक्शन के जरिए हुई है। हालांकि, CSK ने धोनी के साथ हिस्सेदारी को लेकर किसी औपचारिक बातचीत से इनकार किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, धोनी के पास मौजूद शेयर CSK की कुल हिस्सेदारी का बहुत छोटा हिस्सा हैं। आम निवेशकों के पास मिलाकर 30 करोड़ से ज्यादा शेयर हैं, जो फ्रेंचाइजी की कुल शेयर पूंजी का करीब 40 प्रतिशत है। वहीं, श्रीनिवासन परिवार के पास 55 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सेदारी बताई गई है।
CSK की पिछली वैल्यूएशन 16,600 करोड़ रुपये से ज्यादा रही थी। इस आधार पर धोनी के पास मौजूद एक लाख से ज्यादा शेयरों की अनुमानित कीमत करीब 2.6 से 3 करोड़ रुपये के बीच मानी जा रही है।
धोनी ने मांगी थी बड़ी हिस्सेदारी?
रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि धोनी ने फ्रेंचाइजी में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी लेने की इच्छा जताई थी। इसके जवाब में CSK की ओर से 3, 4 और फिर 5.5 प्रतिशत हिस्सेदारी के प्रस्ताव रखे गए।
इसके बाद धोनी ने अपनी मांग घटाकर पहले 20 और फिर 18 प्रतिशत कर दी। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाई। खास बात यह रही कि इन बातचीत के दौरान कोई लिखित प्रस्ताव या आधिकारिक समझौता नहीं हुआ था।
CSK ने बातचीत से किया इनकार
30 अगस्त को CSK के CEO काशी विश्वनाथन ने इन खबरों पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि धोनी ने फ्रेंचाइजी से हिस्सेदारी को लेकर कभी कोई औपचारिक बात नहीं की। उन्होंने यह भी कहा कि श्रीनिवासन के साथ ऐसी किसी बातचीत की जानकारी भी उनके पास नहीं है।
इस बीच, CSK करीब 22 सितंबर को नए हेड कोच के नाम पर फैसला कर सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फ्रेंचाइजी ने एक विदेशी उम्मीदवार को शॉर्टलिस्ट किया है, लेकिन वह अन्य IPL टीम के हेड कोच से भी संपर्क में है।
ये भी पढ़ें – अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में भारत को अरुण जेटली स्टेडियम में मिला विजिटर ड्रेसिंग रूम, जानें क्यों हुआ ऐसा?