भारतीय क्रिकेट टीम को लगा बड़ा झटका, कोरोना की चपेट में आए आर अश्विन
रविचंद्रन अश्विन इंग्लैंड के दौरे पर जाने वाली अंतिम टीम का भी हिस्सा नहीं बन पाए।
अद्यतन - जून 21, 2022 11:12 पूर्वाह्न

भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ पुनर्निर्धारित टेस्ट मैच खेलने के लिए यूके पहुंच गई है। हालांकि सभी टेस्ट विशेषज्ञ अभी तक इंग्लैंड नहीं पहुंचे है, लेकिन टीम इंडिया ने लंदन के बाद लीसेस्टरशायर काउंटी ग्राउंड में इस टेस्ट के लिए अभ्यास शुरू कर दिया है। आपको बता दें, भारतीय टीम अलग-अलग टुकड़ियों में इंग्लैंड की यात्रा कर रही हैं, और इसका कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई घरेलू T20I सीरीज हैं।
यह पुनर्निर्धारित टेस्ट मैच अगस्त-सितंबर में खेली गई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का हिस्सा है, जिसे पिछले साल भारतीय कैंप में कोविड-19 संक्रमण के कारण रद्द कर दिया गया था। टीम इंडिया इस टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 2-1 से आगे चल रही है, और वे 1 जुलाई से बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेले जाने वाले पुनर्निर्धारित टेस्ट मैच में जीत दर्ज कर यह टेस्ट सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। इसके अलावा, भारत और इंग्लैंड के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय और तीन वनडे मैच भी खेले जाने हैं।
रविचंद्रन अश्विन पाए गए कोरोना पॉजिटिव
इस बीच, भारतीय टीम को एक बड़े झटके का सामना करना पड़ा, क्योंकि अनुभवी ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन कथित तौर पर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, जिसके कारण वह इंग्लैंड के दौरे पर जाने वाली अंतिम फ्लाइट से भी चूक गए हैं। एक तरह जहां भारत के टेस्ट विशेषज्ञों के पहले जत्थे ने 16 जून को यूके के लिए उड़ान भरी, वहीं दूसरी ओर आर अश्विन कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए और वह टीम के साथ इंग्लैंड की यात्रा नहीं कर पाए।
यह भी कहा जा रहा हैं कि रिषभ पंत और श्रेयस अय्यर मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के साथ 20 जून को इंग्लैंड के लिए रवाना हो गए हैं, लेकिन अश्विन इस अंतिम टुकड़ी का भी हिस्सा नहीं बन पाए, क्योंकि वह इस समय आइसोलेशन में हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि आर अश्विन आइसोलेशन और सभी प्रोटोकॉल को पूरा करने के बाद 1 जुलाई से खेले जाने वाले पुनर्निर्धारित टेस्ट से पहले टीम इंडिया से जुड़ जाएंगे।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने द इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से बताया: “अश्विन ने भारतीय टीम के साथ यूके की यात्रा नहीं की है, क्योंकि वह प्रस्थान से पहले ही COVID-19 पॉजिटिव पाए गए। लेकिन हमें उम्मीद है कि 1 जुलाई से शुरू होने वाले टेस्ट मैच से पहले वह ठीक हो जाएंगे। हालांकि, वह लीसेस्टरशायर के खिलाफ 24 जून से खेले जाने वाले चार-दिवसीय अभ्यास मैच से चूक सकते हैं।”
आपको बता दें, 16 जून को लंदन की यात्रा करने वाले भारतीय खिलाड़ियों में विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर और प्रसिद्ध कृष्णा, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी और केएस भारत भी शामिल थे। वहीं रोहित शर्मा 17 जून को लंदन के लिए रवाना हुए, जबकि रिषभ पंत, श्रेयस अय्यर और राहुल द्रविड़ 20 जून को इंग्लैंड दौरे पर निकले हैं।