आउट ऑफ फॉर्म ऋषभ पंत की किस्मत ही चल रही बेकार, अब घुटने की चोट की वजह से श्रीलंका सीरीज से हुए बाहर
रिपोर्ट्स की माने तो ऋषभ पंत के घुटने में चोट लग गई है और उससे ठीक होने में उन्हें कुछ समय लगेगा।
अद्यतन - Dec 28, 2022 11:57 am

भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत का फॉर्म लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में काफी निराशाजनक रहा है। उन्होंने 66 टी-20 मैचों में 126.54 के स्ट्राइक रेट से 987 रन बनाए हैं। वहीं वनडे में उन्होंने 30 मुकाबलों में 106.66 के स्ट्राइक रेट से 865 रन बनाए हैं।
टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में ऋषभ पंत दो मुकाबलों में मात्र 9 रन ही बना पाए थे। उसके बाद भारतीय टीम न्यूजीलैंड दौरे में गई और वहां भी पंत का बल्ला खामोश रहा। 2 टी-20 में वो मात्र 17 रन ही बना पाए जबकि तीन वनडे में उन्होंने 25 रन ही जड़े। बांग्लादेश दौरे में उन्हें वनडे टीम में शामिल नहीं किया गया लेकिन टेस्ट सीरीज में पंत ने 3 पारियों में 148 रन बनाए।
अब 3 जनवरी से भारतीय टीम अपने ही घर में श्रीलंका के खिलाफ तीन मुकाबलों की टी-20 और तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज खेलेगी। ऋषभ पंत को श्रीलंका के खिलाफ सीरीज से बाहर कर दिया गया है। तमाम लोगों को लगा कि उनके खराब फॉर्म की वजह से पंत को इस सीरीज में मौका नहीं दिया गया है लेकिन अब इसको लेकर बड़ी रिपोर्ट सामने आई है।
रिपोर्ट्स: घुटने में लगी चोट की वजह से श्रीलंका सीरीज में ऋषभ पंत को नहीं किया गया शामिल
रिपोर्ट्स की माने तो ऋषभ पंत के घुटने में चोट लग गई है और उससे ठीक होने में उन्हें कुछ समय लगेगा। भारतीय क्रिकेटर अब NCA में रिपोर्ट करेंगे और 15 दिन अकादमी में ही रहेंगे। अनुमान लगाया जा रहा है कि ऋषभ पंत 3 जनवरी 2023 को NCA में शामिल होंगे और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में वो जबरदस्त वापसी कर सकते हैं।
बता दें, जहां एक तरफ टी-20 सीरीज की कप्तानी हार्दिक पांड्या करेंगे वहीं रोहित शर्मा को वनडे टीम की कप्तानी करते हुए देखा जाएगा।
श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया
हार्दिक पांड्या (कप्तान), सूर्यकुमार यादव (उपकप्तान), इशान किशन, ऋतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी, संजू सैमसन, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल, उमरान मलिक, शिवम मावी और मुकेश कुमार।
श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या (उपकप्तान), वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव , अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह