रिपोर्ट्स: सकलेन मुश्ताक और बाबर आजम पर गिरी गाज, जल्द छोड़ना पड़ेगा अपना पद - क्रिकट्रैकर हिंदी

रिपोर्ट्स: सकलेन मुश्ताक और बाबर आजम पर गिरी गाज, जल्द छोड़ना पड़ेगा अपना पद

हाल ही में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को उन्हीं के घर में तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से क्लीनस्वीप किया।

Babar Azam and Saqlain Mustaq (Pic Source-Twitter)
Babar Azam and Saqlain Mustaq (Pic Source-Twitter)

हाल ही में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को उन्हीं के घर में तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से क्लीनस्वीप किया। पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन अपने ही घर में काफी निराशाजनक रहा। युवा स्पिनर अबरार अहमद के अलावा कोई भी और खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रहा। अब इस टेस्ट सीरीज के बाद जब टीम की जमकर आलोचना हो रही है तो पाकिस्तान क्रिकेट में काफी बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

इस बदलाव की शुरुआत भी हो चुकी है। पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी रमीज राजा को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष पद से बर्खास्त कर दिया है और उनकी जगह नजम सेठी को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसी के साथ ऐसी रिपोर्ट्स भी सामने आ रही है कि पाकिस्तान टीम के मुख्य कोच सकलेन मुश्ताक को भी अपनी भूमिका से इस्तीफा देना पड़ सकता है और साथ ही साथ बाबर आजम को भी टेस्ट कप्तानी पद से हटा दिया जाएगा।

रिपोर्ट्स की माने तो 26 दिसंबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने ही घर में शुरू हो रही टेस्ट सीरीज के बाद सकलेन मुश्तक को भी हेड कोच की भूमिका से बर्खास्त कर दिया जाएगा।

PCB सूत्र ने किया बड़ा खुलासा

NDTV के मुताबिक PCB सूत्र ने बताया कि, ‘गद्दाफ़ी स्टेडियम के पूर्व PCB अध्यक्ष रमीज राजा के ऑफिस में एक उच्च स्तरीय मीटिंग आयोजित की गई थी, जिसमें मुख्य चयनकर्ता मोहम्मद वसीम ने भी प्रतिभाग किया था।’

सूत्र के मुताबिक, ‘टीम और उसके चयन को लेकर काफी बातचीत हुई और सकलेन मुश्ताक की भूमिका को लेकर भी काफी बवाल हुआ। यह मीटिंग 3 घंटे लंबी चली।’ इसके अलावा सूत्र ने बाबर आजम की कप्तानी को लेकर भी बड़ा बयान दिया। सूत्र की माने तो बाबर आजम पाकिस्तान की लिमिटेड ओवर्स टीम की तो कप्तानी करते हुए नजर आएंगे, लेकिन अगले साल जुलाई में उनको टेस्ट कप्तानी की भूमिका से हटा दिया जाएगा।

सूत्र ने बताया कि, ‘ बाबर आजम की भविष्य की टेस्ट कप्तानी को लेकर भी काफी बातचीत हुई और सब का यही मानना है कि अभी जैसा चल रहा है उसे चलने दें लेकिन बाबर को अगले साल जुलाई महीने के बाद टेस्ट कप्तानी से हटा दिया जाएगा।’

close whatsapp