टीम इंडिया के असली सिक्सर किंग हैं रोहित शर्मा, SL के खिलाफ तीन छक्के लगाकर ये महारिकॉर्ड किया अपने नाम
श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे मैच में रोहित शर्मा ने खेली शानदार अर्धशतकीय पारी।
अद्यतन - Aug 3, 2024 2:06 pm

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने शुक्रवार को श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे मैच में एक बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली। इस पारी की बदौलत उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल की। भारत के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा बतौर कप्तान इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में तीन छक्के लगाकर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
श्रीलंका द्वारा दिए गए 231 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने पहले ही ओवर में छक्का लगाकर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए थे। हिटमैन ने पहले ओवर की दूसरी गेंद पर छक्का लगाया और पांचवीं गेंद पर चौका जड़ा। कप्तान ने 47 गेंद में 58 रनों की कप्तानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और तीन छक्के लगाए।
Rohit Sharma ने ये खास रिकॉर्ड किया अपने नाम
इस पारी की बदौलत रोहित इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा छक्के (234) लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इयोन मोर्गन को पीछे छोड़ा, जिनके नाम 233 छक्के हैं। लिस्ट में तीसरे नंबर पर भारत के महान कप्तान एमएस धोनी हैं, जिन्होंने बतौर कप्तान 211 छक्के लगाए। इसके बाद रिकी पोंटिंग का नाम है, जिन्होंने 171 छक्के जड़े हैं। वहीं न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम ने 170 छक्के लगाए हैं।
अब जारी वनडे सीरीज में रोहित शर्मा के पास श्रीलंका के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे इंटरनेशनल छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है। रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ 53 छक्के लगाए हैं। उनसे आगे सिर्फ पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी हैं, जिन्होंने इस टीम के खिलाफ 64 छक्के लगाए हैं। रोहित अगर 11 छक्के और लगा लेते हैं, तो वो शाहिद अफरीदी से इस मामले में भी आगे निकल जाएंगे।
इंटरनेशनल क्रिकेट में कप्तान द्वारा सर्वाधिक छक्के
234 – रोहित शर्मा
233 – इयोन मोर्गन
211 – एमएस धोनी
171 – रिकी पोंटिंग
170 – ब्रेंडन मैकुलम