क्या दीपक चाहर पर लगाए गए चेन्नई के 14 करोड़ डूबने की कगार पर हैं?
चाहर को चेन्नई सुपर किंग्स ने मेगा नीलामी के दौरान 14 करोड़ रुपये में ख़रीदा था।
अद्यतन - Mar 2, 2022 8:03 pm

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 की चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)के लिए इस सीजन के शुरुआत से पहले एक बड़ी और बुरी खबर सामने आई है। कुछ रिपोर्ट्स की माने तो टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज दीपक चाहर आईपीएल के 15वें सीजन के अधिकतर मैचों में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे। बता दें कि दीपक चाहर को वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी टी-20 इंटरनेशनल मैच के दौरान चोट लगी थी।
CSK के लिए प्रमुख गेंदबाज रहे हैं दीपक चाहर
पिछले कुछ सीजन से चेन्नई के लिए दीपक चाहर प्रमुख गेंदबाज रहे हैं। 2018 और 2022 में उन्होंने CSK को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी, और ऐसे में उनके न खेलने से कप्तान धोनी और टीम मैनेजमेंट की मुश्किलें काफी ज्यादा बढ़ने वाली है। IPL 2021 की चैंपियन टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने दीपक चाहर को आईपीएल के नए सीजन से पहले रिटेन नहीं किया था।
लेकिन टीम ने फरवरी में हुए मेगा ऑक्शन में उन्हें 14 करोड़ रुपये में खरीदा था। सीएसके ने दीपक चाहर के पीछे इतना पैसा इसलिए लगाया था, क्योंकि वो कप्तान एमएस धोनी के पसंदीदा गेंदबाज हैं और अक्सर टीम को जरूरत के समय पर विकेट निकाल कर देते हैं। उनको दुबारा अपनी टीम में शामिल करने के लिए CSK ने अन्य टीमों के साथ मेगा ऑक्शन में लड़ाई लड़ी थी।
ईएसपीएन क्रिकइन्फो के रिपोर्ट के अनुसार, सीएसके के अधिकारी बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी से अंतिम फिटनेस रिजल्ट की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जहां चाहर वर्तमान में अपना रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि चाहर की फिटनेस रिपोर्ट किस प्रकार की आती है।
विशेष रूप से, यह पहली बार था जब सुपर किंग्स ने किसी खिलाड़ी के लिए ऑक्शन में 10 करोड़ से अधिक खर्च किए और इसी बात से टीम में उनकी महत्त्व का पता चलता है। इसलिए, प्रबंधन चाहता है कि तेज गेंदबाज ज्यादातर मैचों में शामिल हो। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि अगर वो चोटिल होने के कारण टीम से बाहर होते हैं तो टीम मैनेजमेंट उनकी जगह किसे मौका देती है।