रिपोर्ट्स: द हंड्रेड टूर्नामेंट में सदर्न ब्रेव की कोचिंग करते हुए नजर आएंगे स्टीफन फ्लेमिंग
फ्लेमिंग को जनवरी 2023 में शुरू होने वाले SA20 के पहले सत्र के लिए जोहांसबर्ग सुपर किंग्स का मुख्य कोच भी बनाया गया है।
अद्यतन - दिसम्बर 11, 2022 2:56 अपराह्न

द हंड्रेड टूर्नामेंट के प्रशंसकों के लिए खुशखबरी है। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग सदर्न ब्रेव पुरुष टीम की कोचिंग करते हुए नजर आएंगे। वो श्रीलंका के पूर्व खिलाड़ी महेला जयवर्धने की जगह यह भूमिका निभाते हुए दिखाई देंगे।
ESPNक्रिकइंफो की रिपोर्ट्स के मुताबिक, महेला जयवर्धने को मुंबई इंडियंस का ग्लोबल हेड ऑफ़ परफ़ॉर्मेंस नियुक्त किया गया है और इसी वजह से उन्हें सदर्न ब्रेव फ्रेंचाइजी की कोचिंग से इस्तीफा देना पड़ा। ब्रेव फ्रेंचाइजी ने भी उनकी जगह स्टीफन फ्लेमिंग को कोचिंग की उपाधि देने का फैसला किया है।
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि ‘फ्लेमिंग ने 2023 सीज़न के लिए ब्रेव के साथ एक सौदे पर सहमति व्यक्त की है, जिसकी घोषणा अगले सप्ताह होने की संभावना है।’
स्टीफन फ्लेमिंग को कोचिंग का काफी अनुभव है
बता दें, स्टीफन फ्लेमिंग की कोचिंग में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 4 बार IPL खिताब अपने नाम किया है और दो बार CLT20 की ट्रॉफी अपने नाम की है। IPL के 2023 सत्र में भी फ्लेमिंग चेन्नई फ्रेंचाइजी की कोचिंग करते हुए नजर आएंगे और अब इसी के साथ उन्हें एक और बड़ी भूमिका निभाते हुए देखा जाएगा।
फ्लेमिंग को जनवरी 2023 में शुरू होने वाले SA20 के पहले सत्र के लिए जोहांसबर्ग सुपर किंग्स का मुख्य कोच भी बनाया गया है। वो CSK के पूर्व खिलाड़ी और RCB के कप्तान फाफ डु प्लेसिस का साथ निभाते हुए नजर आएंगे। फाफ को जोहांसबर्ग फ्रेंचाइजी ने अपना कप्तान नियुक्त किया है।
इसी के साथ इंग्लैंड के बेहतरीन ऑलराउंडर मोईन अली और श्रीलंका के शानदार स्पिनर महीष तीक्षणा को भी जोहांसबर्ग फ्रेंचाइजी ने अपने दल में शामिल किया है। बता दें, महेला जयवर्धने की कप्तानी में सदर्न ब्रेव ने द टूर्नामेंट का पहला सत्र अपने नाम किया था। अब फ्लेमिंग के ऊपर काफी बड़ी जिम्मेदारी होगी कि वो सदर्न ब्रेव को एक और बार इस खिताब को अपने नाम करवाएं।
तमाम प्रशंसक इस टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और टीम के खिलाड़ी भी यही दुआ कर रहे होंगे कि अगला सत्र जीतकर वो इस ट्रॉफी को एक और बार अपने नाम करें।