ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अब 4 नहीं 5 टेस्ट मैच खेलेगा भारत, अगले 8 साल में 2 बार टीम इंडिया करेगी दौरा
मौजूदा आईसीसी एफटीपी 2018 से 2023 तक है।
अद्यतन - Jul 9, 2022 12:38 pm

टीम इंडिया 2024 से 2032 तक अगले फ्यूचर टूर प्रोग्राम (FTP) में दो बार ऑस्ट्रेलिया का दौरा कर सकती है और इस दौरान दोनों टीमों के बीच चार की जगह पांच टेस्ट मैच खेले जाएंगे। पूर्ण एफ़टीपी की घोषणा इस महीने के अंत में बर्मिंघम में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की वार्षिक बैठक में होने की उम्मीद है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों ही क्रिकेट की दुनिया में सबसे मजबूत टीमों में से एक हैं और दोनों देशों के बीच पिछले कुछ वर्षों में एक से बढ़कर एक रोमांचक मैच खेले गए हैं। बता दें कि, ऑस्ट्रेलिया के पिछले दो दौरों में टीम इंडिया का शानदार प्रदर्शन रहा और वहां उन्होंने एक यादगार टेस्ट सीरीज में जीत दर्ज की।
भारत दौरे से ऑस्ट्रेलिया बोर्ड को होता है काफी फायदा
द एज की एक रिपोर्ट के अनुसार, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने कहा कि, “हाल ही में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों प्रसारकों को इस बात के बारे में सूचित किया है कि अगले एफटीपी पर भारत और इंग्लैंड दोनों टीमें ऑस्ट्रेलिया का दो-दो बार दौरा करेगी। भारत के दौरे में टेस्ट मैचों की संख्या को बढाकर चार से पांच कर दिया गया हैं।”
रिपोर्ट में कहा गया है कि, “इंग्लैंड या भारत की टेस्ट-मैच के बिना ऑस्ट्रेलिया में दर्शक मैच देखने नहीं आते हैं। इस कारण से सीए खुद अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में उतार-चढ़ाव को संतुलित करने के लिए एक बहु-वर्षीय वित्तीय मॉडल पर काम करता है।”
हाल के वर्षों में आस्ट्रेलियाई दर्शकों के लिए भारत के खिलाफ सीरीज आकर्षण रही है। इससे क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को काफी फायदा भी होता है। पिछली चार मैचों की सीरीज ने उसे वित्तीय रुप से काफी मदद पहुंचाई थी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को इस दौरे से भी 300 मिलियन आस्ट्रेलियाई डॉलर का राजस्व मिला सकता है।
पिछली बार जब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था, तब भारत ने एक शानदार टेस्ट सीरीज अपने नाम किया था। उस सीरीज का आखिरी मैच गाबा के मैदान पर खेला गया था वहां टीम इंडिया ने ऐतिहासिक सीरीज जीत दर्ज की थी और 2-1 के अंतर से श्रृंखला भी जीती थी। फिलहाल भारत इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज खेल रहा है, जबकि ऑस्ट्रेलिया दो मैचों की टेस्ट सीरीज में श्रीलंका का सामना कर रहा है।