रिकी पोंटिंग सचिन तेंदुलकर जो रूट

सचिन तेंदुलकर के इस महारिकॉर्ड को तोड़ सकता है इंग्लैंड का ये दिग्गज बल्लेबाज, रिकी पोंटिंग का दावा

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है।

Ricky Ponting and Sachin Tendulkar
Ricky Ponting and Sachin Tendulkar. (Photo by Hamish Blair/Getty Images)

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन के नाम कई ऐसे रिकॉर्ड हैं, जिसे तोड़ पाना आज भी किसी भी बल्लेबाज के लिए महज एक सपना है। इसी बीच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज कप्तान रिकी पोंटिंग ने एक हैरान करने वाली भविष्यवाणी की है। पोंटिंग ने मौजूदा समय के उस बल्लेबाज का नाम बताया है, जो सचिन के सर्वाधिक टेस्ट रन के रिकॉर्ड को तोड़ सकता है।

रिकी पोंटिंग ने कहा कि सचिन तेंदुलकर के एक महारिकॉर्ड को इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट तोड़ सकते हैं। रिकी पोंटिंग ने कहा कि जो रूट अभी भी रनों के भूखे हैं और वह सचिन तेंदुलकर के सर्वाधिक टेस्ट रन के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। आपको बता दें कि टेस्ट फॉर्मेट में पिछले एक दो सालों से जो रूट शानदार फॉर्म में हैं और लगातार रन बना रहे हैं।

जो रूट तोड़ सकते हैं सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड- रिकी पोंटिंग

आईसीसी रिव्यू कार्यक्रम में रिकी पोंटिंग ने कहा, “रूट अभी 33 साल के हैं और सचिन से केवल 3000 रन (3894 रन) पीछे हैं। अगर इंग्लैंड हर साल 10 से 14 टेस्ट मैच खेलता है और रूट हर साल 800 से 1000 रन बनाते हैं तो तीन से चार साल में वह सचिन के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। 37 साल के उम्र तक ऐसा करना बिल्कुल संभव है।”

उन्होंने आगे कहा, “अगर वह रनों के भूखे हैं तो यह हरसंभव मौका है कि वह इस रिकॉर्ड को तोड़ दें। वह पिछले एक-दो सालों में और बेहतर बल्लेबाज बने हैं। लोग कहते हैं कि 30 के दशक में प्रवेश करते वक्त कोई भी बल्लेबाज अपने सर्वश्रेष्ठ पर होता है, रूट ऐसा ही कर रहे हैं। उनका कन्वर्जन रेट बहुत बेहतरीन है।

चार या पांच साल पहले रूट ढेर सारे अर्धशतक लगा रहे थे, लेकिन उसे वह शतक में बहुत कम ही बदल पाते थे। हालांकि, हालिया समय में यह ट्रेंड बदला है। अब वह लगभग हर अर्धशतक को बड़े शतक में बदल रहे हैं, जो कि उनके लिए एक बेहतर संकेत हैं।”

close whatsapp