ऑस्ट्रेलिया टीम के हालिया प्रदर्शन से काफी खुश हैं रिकी पोंटिंग
रिकी पोंटिंग के मुताबिक भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर्स ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और बल्लेबाजों में उस्मान ख्वाजा, ट्रेविस हेड, स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन ने कमाल की बल्लेबाजी की है।
अद्यतन - Mar 8, 2023 1:37 pm

भले ही ऑस्ट्रेलिया टीम इस समय खेली जा रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 में 2-1 से पीछे है लेकिन पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का मानना है कि इस टीम के पास काफी सकारात्मक चीजें हैं जो भविष्य में टीम को काफी सफलता दिलाएगी। हालांकि उनका यह भी मानना है कि आगामी वर्ल्ड चैंपियनशिप के फाइनल में और एशेज में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए टीम मैनेजमेंट को कुछ मुश्किल फैसले लेने होंगे और अपने खेमे में कुछ बदलाव करने होंगे।
रिकी पोंटिंग के मुताबिक भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर्स ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और बल्लेबाजों में उस्मान ख्वाजा, ट्रेविस हेड, स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन ने कमाल की बल्लेबाजी की है। इन सभी खिलाड़ियों ने भारतीय परिस्थितियों को अच्छी तरह से समझा है।
रिकी पोंटिंग ने द ICC रिव्यू के नवीनतम एपिसोड में कहा कि, ‘ मुझे लगता है कि सभी स्पिनर्स ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और वहीं बल्लेबाजों ने भी परिस्थितियों को अच्छी तरह से समझकर बल्लेबाजी की है। हम सब जानते हैं कि इन परिस्थितियों में बल्लेबाजी करना इतना आसान काम नहीं है। उस्मान ख्वाजा, ट्रेविस हेड, स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन ने कमाल की बल्लेबाजी की है। इन खिलाड़ियों ने स्पिनर्स को काफी अच्छी से खेला है।’
पूर्व कप्तान ने आगे कहा कि, ‘ यह थोड़ी शर्म की बात है कि ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे टेस्ट मुकाबले के बाद अपने खेल को सही तरीके से समझा। उन्हें पहले टेस्ट से ही ऐसा खेलना चाहिए था।’
आगामी इंग्लिश दौरे और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल को लेकर रिकी पोंटिंग ने दिया बड़ा बयान
रिकी पोंटिंग ने आगे कहा कि, ‘इंग्लिश दौरे के लिए मुझे लगता है कि मैट रेनशॉ को जरूर शामिल किया जाएगा लेकिन मुझे पीटर हैंडस्कोम्ब को लेकर थोड़ा डर लग रहा है। वो शायद ही इंग्लैंड दौरे में अपनी जगह बना पाएंगे। मार्कस हैरिस जैसे खिलाड़ी की एशेज़ टीम में वापसी हो सकती है।
लांस मॉरिस और एरोन हार्डी जैसे खिलाड़ी भी बहुत जल्द ऑस्ट्रेलिया टीम से खेलते हुए नजर आ सकते हैं। लांस मॉरिस तो भारत दौरे में भी ऑस्ट्रेलिया टीम के साथ है। सिडनी में जब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हमने आखिरी टेस्ट खेला था तब मैंने एरोन हार्डी का नाम कैमरन ग्रीन की जगह दिया था क्योंकि वो उस समय चोटिल थे।’