अब तो पोंटिंग भी बुमराह को अफरीदी से बेहतर गेंदबाज बता रहे हैं
बुमराह और अफरीदी दोनों एशिया कप 2022 में नहीं खेले थे।
अद्यतन - सितम्बर 23, 2022 9:46 पूर्वाह्न

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने भविष्यवाणी की है कि ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में जसप्रीत बुमराह पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी से अच्छा प्रदर्शन करेंगे। बुमराह और अफरीदी, मौजूदा समय के दो प्रमुख तेज गेंदबाज हैं, लेकिन चोट की वजह से वो एशिया कप 2022 का हिस्सा नहीं बन पाए थे। लेकिन अब दोनों गेंदबाज टी-20 वर्ल्ड कप में एक्शन में नजर आऐंगे।
बुमराह पिछले तीन-चार सालों से सभी प्रारूपों में भारत के प्रमुख गेंदबाज रहे हैं, और अब तक 58 T20I में 6.46 की इकॉनमी रेट से 69 विकेट लिए हैं। एशिया कप के साथ-साथ हाल ही में खेले गए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले T20I में टीम इंडिया को बुमराह की कमी महसूस हुई। दूसरी ओर, अफरीदी अपने डेब्यू के बाद से ही शानदार फॉर्म में रहे हैं और उन्होंने दुनिया के अच्छे-अच्छे बल्लेबाजों को परेशान किया है।
इस बीच पोंटिंग ने इन दोनों गेंदबाज को लेकर कहा कि, शाहीन और बुमराह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों में प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन ऑस्ट्रेलियाई परिस्थिति में बुमराह शाहीन की तुलना में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
अफरीदी की तुलना में बुमराह करेंगे बेहतर प्रदर्शन- पोंटिंग
आईसीसी रिव्यु के एपिसोड में पोंटिंग ने कहा कि, “देखिए, आप उन दो लोगों को कैसे अलग करते हैं? वे खेल के सभी प्रारूपों में पिछले कुछ वर्षों में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने गेंदबाजों में से दो हैं। मैं शायद अनुभव को ध्यान में रखते हुए बुमराह के साथ जाऊंगा। उन्होंने अब ऑस्ट्रेलिया में काफी क्रिकेट खेला है, अफरीदी की तुलना में ऑस्ट्रेलिया में अधिक खेला है और अफरीदी की तुलना में अधिक बड़े टूर्नामेंट खेले हैं।”
T20I फॉर्मेट में जोस बटलर और बाबर आजम के बीच बेहतर बल्लेबाज चुनने पर, पोंटिंग ने अधिक ‘डायनामिक’ होने के लिए बटलर को चुना। उन्होंने कहा कि, “बाबर आजम तकनीकी रूप से बटलर से बेहतर खिलाड़ी हैं। आप उनके स्ट्राइक-रेट को देखें, और वहां कोई तुलना नहीं है, बटलर बहुत अधिक डायनमिक हैं, बाबर की तुलना में अधिक 360-डिग्री खिलाड़ी की तरह।”