रिंकू सिंह ने जो किया वह मैं कभी नहीं कर पाता- विराट कोहली ने जमकर की KKR की खिलाड़ी की तारीफ
विराट कोहली ने कहा कि, मैं वह करने की सोच नहीं सकता था जो ये आज के युवा कर रहे हैं।
अद्यतन - अप्रैल 15, 2023 6:07 अपराह्न

आईपीएल 2023 में कोलकाता नाईट राइडर्स (KKR) के खिलाड़ी रिंकू सिंह ने काफी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले मैच में उन्होंने एक अलग ही छाप छोड़ी। गुजरात की टीम को जब आखिरी ओवर में 29 रन की जरूरत थी तब रिंकू सिंह ने पांच छक्के लगाकर अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई।
रिंकू सिंह के इस तूफानी पारी की तारीफ कई महान खिलाड़ीयों ने की है। इस कड़ी में रॉयल चैलेंजर बैंगलोर और भारत के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली का भी नाम शामिल हो गया है। उन्होंने jiocinema पर बातचीत करते हुए बताया कि रिंकू सिंह ने जो किया वह मैं कभी नहीं कर पाता।
आज के युवा जो कर रहे हैं वह देखने लायक है- विराट कोहली
दरअसल जब टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ी रॉबिन उथप्पा ने विराट कोहली से रिंकू सिंह की बल्लेबाजी के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा कि, आज के युवा जो कर रहे हैं वह देखने लायक है। इस आईपीएल को ही देखिए, मैं वह करने की सोच नहीं सकता था जो ये आज के युवा कर रहे हैं। रिंकू सिंह ने पांच गेंदों में पांच छक्के लगाए जो काफी आश्चर्यजनक है और ऐसा कभी नहीं हुआ।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, एक मैच जीतने के लिए लगातार पांच छक्के लगाना, मेरा मतलब है कि यह किस स्तर का खेल है ? यह परिवर्तन बहुत अच्छा है। ऐसे युवाओं को सामने आते हुए देखना वाकई काफी अच्छा है।
बता दें आईपीएल 2023 में KKR के खिलाड़ी रिंकू सिंह के प्रदर्शन को देखकर फैंस के साथ-साथ रोहित शर्मा, विराट कोहली, नितीश राणा सहित कई खिलाड़ियों ने उनकी जमकर तारीफ की थी। दरअसल गुजरात के खिलाफ उन्होंने शानदार पारी खेली थी, जिसके बाद उन्होंने अपने इस पारी के लिए काफी सुर्खियां बटोरी। बता दें कोलकाता नाईट राइडर्स अपना अगला मुकाबला 16 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेगा।