टी20 वर्ल्ड कप 2024: नेट्स में वापसी कर चुके है ऋषभ पंत, अब आगामी टूर्नामेंट में भारतीय टीम की ओर से जबरदस्त प्रदर्शन करने के लिए हैं पूरी तरह से तैयार
सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रही है जिसमें देखा जा सकता है कि ऋषभ पंत ने भारतीय टीम के अभ्यास सत्र में जमकर पसीना बहाया है।
अद्यतन - Jun 1, 2024 5:13 pm

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय टीम के बेहतरीन विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत दमदार प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। बता दें, साल 2022 के दिसंबर महीने में ऋषभ पंत एक कार दुर्घटना का शिकार हो गए थे। इस एक्सीडेंट में उन्हें काफी चोट आई थी। यही नहीं उनके पैर और घुटने के ऑपरेशन भी हुए थे।
हालांकि इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में ऋषभ पंत ने दिल्ली कैपिटल्स की ओर से काफी अच्छी वापसी की। यही नहीं उन्होंने दिल्ली टीम की कप्तानी भी की। ऋषभ पंत ने आईपीएल 2024 में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए तमाम फैंस का दिल जीत लिया। यही वजह है कि उन्हें आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 की भारतीय टीम में भी शामिल किया गया है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रही है जिसमें देखा जा सकता है कि ऋषभ पंत ने भारतीय टीम के अभ्यास सत्र में जमकर पसीना बहाया है। उन्हें आगामी टूर्नामेंट में विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में खेलते हुए देखा जा सकता है। Mufaddal Vohra ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा की है जिसमें देखा जा सकता है कि नेट्स में ऋषभ पंत बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग का काफी अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने इसके कैप्शन पर लिखा कि, ‘ऋषभ पंत 16 महीनों के लंबे अंतराल के बाद भारतीय टीम में वापसी कर चुके हैं।’
यह रही वीडियो:
Rishabh Pant back for India after 16 long months. 🇮🇳❤️ pic.twitter.com/ZvLwZPvaGu
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) June 1, 2024
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 का पहला मुकाबला USA और कनाडा के बीच खेला जाएगा। भारतीय टीम इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट का अपना पहला मैच आयरलैंड के खिलाफ 5 जून को खेलेगी। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच 9 जून को महत्वपूर्ण मैच खेला जाएगा। आईपीएल 2024 में तो ऋषभ पंत ने अपनी छाप छोड़ी है लेकिन अब उन्हें आगामी टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
ऋषभ पंत के अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में भारतीय टीम में संजू सैमसन भी हैं जिन्होंने भी आईपीएल 2024 में काफी अच्छी बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग की थी। टीम के बाकी खिलाड़ी भी इस समय काफी अच्छे फॉर्म में है। भारतीय टीम को आगामी टूर्नामेंट में ग्रुप A में शामिल किया गया है। आज यानी 1 जून को भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ अपना वार्मअप मैच खेलेगी।
ऋषभ पंत के पास ही अच्छा मौका है कि वो इस वार्मअप मैच में जबरदस्त बल्लेबाजी और बेहतरीन विकेटकीपिंग करें और भारतीय प्लेइंग XI में अपनी जगह पक्की करें। आगामी टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम पूरी तरह से तैयार है।