एशिया कप 2022: फाइनल में मिले हार के बाद शोएब अख्तर ने पाक टीम को जमकर सुनाई खरी-खोटी
मोहम्मद रिजवान के पास मुकाबले को खत्म करने की क्षमता नहीं है: शोएब अख्तर
अद्यतन - Sep 12, 2022 3:22 pm

पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर एशिया कप 2022 के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान के बल्लेबाजी प्रदर्शन से काफी निराश हैं। बता दें, 171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम 147 पर ऑल आउट हो गई। उन्होंने अपने आखिरी 8 विकेट महज 54 रन पर गंवा दिए।
शोएब अख्तर ने पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान की बल्लेबाजी मानसिकता की आलोचना की है। बता दें, मोहम्मद रिजवान ने अपनी टीम की ओर से सर्वाधिक 55 रन बनाए थे। हालांकि उन्होंने यह 55 रन 49 गेंदों में बनाए, जिसकी वजह से अख्तर उनसे नाराज हैं।
शोएब अख्तर ने अपने यूट्यूब चैनल में एक वीडियो में बात करते हुए मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम को लेकर कहा कि, ‘मुझे अभी भी शक है कि क्या हम सही टीम के साथ खेल रहे हैं। मोहम्मद रिजवान के पास मुकाबले को खत्म करने की क्षमता नहीं है और उन्हें समर्थन की जरूरत है, जो उन्हें मिल नहीं रहा। अगर आपको 171 रन बनाने हैं तो आपको 45 गेंदों में 45 रन नहीं बनाने चाहिए या 49 गेंदों में 55 रन। आपको तेजी से रन बनाने की जरूरत है। पाकिस्तान टीम ने काफी खराब क्रिकेट खेला और मुझे लगता है कि उन्हें पहले बल्लेबाजी करनी चाहिए थी।’
बाबर आजम भाई क्लास छोड़ो: शोएब अख्तर
बता दें, बाबर आजम के लिए यह पूरा टूर्नामेंट काफी निराशाजनक रहा है। उन्होंने इस फाइनल मुकाबले में भी 6 गेंदों में 5 रन बनाए और अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में मात्र 68 रन बनाए हैं। बाबर आजम का फॉर्म इस समय टीम के लिए चिंता का विषय हो सकता है।
बाबर आजम को लेकर शोएब अख्तर ने कहा कि, ‘पाकिस्तानी गेंदबाजों ने ज्यादा ही रन दे दिए थे। बाबर इस समय रन नहीं बना पा रहे हैं। क्लास, क्लास, क्लास छोड़ो भाई। आपका क्लास तब ही दिखता है जब आप फॉर्म में होते हैं। आप हर गेंद को तेजी से मारने जा रहे हैं। फखर ऐसे खेल रहे हैं मानिए वो कहीं घुम गए हैं। इफ्तिखार भी अच्छा प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रहे हैं। टीम को जल्द से जल्द इसके बारे में सोचना होगा और अच्छा प्रदर्शन करना होगा।’