आने वाले समय में द हंड्रेड टूर्नामेंट IPL को भी पीछे छोड़ देगा: रॉब की
द हंड्रेड टूर्नामेंट में टॉप के पुरुष खिलाड़ियों की सैलरी £125,000 है जबकि टॉप की महिला खिलाड़ियों की सैलरी £31,250 है।
अद्यतन - Apr 26, 2023 8:04 pm

जबसे द हंड्रेड टूर्नामेंट की शुरुआत हुई है तब से कई लोगों ने इसकी जमकर प्रशंसा की। पिछले 2 सालों में इस बेहतरीन टूर्नामेंट ने कई लोगों का दिल जीता है। तमाम लोगों का यह भी कहना है कि आने वाले समय में द हंड्रेड लीग इंडियन प्रीमियर लीग और बिग बैश लीग को भी पीछे छोड़ सकती है। हालांकि इस समय ऐसा होता हुआ नहीं दिख रहा है।
ऐसा इसलिए भी क्योंकि खिलाड़ियों को जो रकम मिलती है वो IPL और द हंड्रेड टूर्नामेंट में काफी अलग है। द हंड्रेड टूर्नामेंट में टॉप के पुरुष खिलाड़ियों की सैलरी £125,000 है जबकि टॉप की महिला खिलाड़ियों की सैलरी £31,250 है।
अब इसी को लेकर इंग्लैंड पुरुष क्रिकेट के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा है कि वो सब लोग इस चीज पर काफी ध्यान दे रहे हैं कि खिलाड़ियों को काफी रकम दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि द हंड्रेड टूर्नामेंट इंडियन प्रीमियर लीग से भी ज्यादा बड़ा बन सकता है क्योंकि उनके टूर्नामेंट में काफी मजबूती है।
रॉब की ने BBC रेडियो 5 लाइव को बताया कि, ‘हमें अपने ऊपर ध्यान देना होगा। हमें इस चीज पर ध्यान रखना होगा कि टूर्नामेंट अच्छा हो और हम खिलाड़ियों को भी बड़ी रकम दें। मुझे यह चीज समझ नहीं आ रही कि यह टूर्नामेंट IPL से बेहतर क्यों नहीं हो सकता है। इसका स्टैंडर्ड (Standard) IPL से बेहतर है और पूरी दुनिया में जितने भी टूर्नामेंट खेले जाते हैं उससे काफी अच्छा है।’
पैसा और केंद्रीय अनुबंध इंग्लिश क्रिकेट को और बेहतर जगह में रखेगा: रॉब की
इसी को लेकर रॉब की का मानना है कि अगर पैसा और केंद्रीय अनुबंध और बेहतर कर दिया जाए तो टूर्नामेंट काफी ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। उनके मुताबिक अगर सब चीज योजना के तहत आगे चलती रही तो इंग्लिश क्रिकेट काफी ऊंचाइयों पर पहुंचेगा।
उन्होंने आगे कहा कि, ‘पैसा इस समय इतनी बड़ी बात नहीं है। द हंड्रेड टूर्नामेंट में सबसे टॉप की सैलरी £125,000 है लेकिन इन सब चीजों को लेकर अभी ज्यादा कुछ सोचना नहीं चाहिए और इस चीज पर ध्यान देना चाहिए कि आने वाले सालों में चीजें और अच्छी हो और पैसा और तेजी से ऊपर जाए। अगर ऐसा होता है तो चीजें बहुत अच्छी हो जाएंगी । पैसा और केंद्रीय अनुबंध इंग्लिश क्रिकेट को और बेहतर कर देगा।’