'जब उसने दोहरा शतक जड़ा तभी लगा कि मैं टीम से बाहर हो जाऊंगा'- वनडे करियर को लेकर शिखर धवन का बड़ा खुलासा - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘जब उसने दोहरा शतक जड़ा तभी लगा कि मैं टीम से बाहर हो जाऊंगा’- वनडे करियर को लेकर शिखर धवन का बड़ा खुलासा

शिखर धवन ने पिछले साल (2022) भारत के लिए 22 वनडे मैचों में 688 रन बनाए।

Shikhar Dhawan (Photo Source: Getty Images)
Shikhar Dhawan (Photo Source: Getty Images)

गब्बर के नाम से मशहूर टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज शिखर धवन इस वक्त भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में भी शिखर धवन को टीम में जगह नहीं मिली थी। सेलेक्टर्स ने शिखर धवन की जगह युवा खिलाड़ी शुभमन गिल पर भरोसा दिखाया।

शुभमन गिल मिले हुए मौकों पर शानदार प्रदर्शन कर वर्ल्ड कप के स्क्वॉड में जगह पक्की करते हुए नजर आ रहे हैं। जिसके बाद शिखर धवन वर्ल्ड कप का हिस्सा बन पाएंगे या नहीं? इस पर बड़ा सवाल बना हुआ है। इसी बीच खुद शिखर धवन ने शुभमन गिल को लेकर बड़ा बयान दिया।

रोहित-द्रविड़ ने मुझे वर्ल्ड कप पर ध्यान केंद्रित करने को कहा- शिखर धवन

भारतीय खिलाड़ी शिखर धवन ने पिछले साल 2022 में भारत के लिए 22 वनडे मैचों में 688 रन बनाए। पिछले साल रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में शिखर धवन ने वनडे फॉर्मेट में टीम इंडिया की कप्तानी भी की थी। इस बीच धवन ने हाल ही में खुलासा करते हुए बताया कि राहुल द्रविड़ और रोहित शर्मा ने उन्हें आगामी वर्ल्ड कप पर ध्यान देने की बात कही थी।

शिखर धवन ने आज तक पर बात करते हुए कहा, ‘जब रोहित शर्मा ने कप्तानी शुरू की उन्होंने और राहुल द्रविड़ ने मुझे बहुत बैक किया। उन्होंने मुझे कहा कि, वह चाहते हैं कि मैं अपना पूरा ध्यान वर्ल्ड कप पर केंद्रित करूं। 2022 मेरा अच्छा बीता मैं वनडे मेलगातार रन बना रहा था।’

शुभमन मौके पर खड़े उतरे हैं- शिखर धवन

भारतीय युवा बल्लेबाज शुभमन गिल इस वक्त अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ दौर से गुजर रहे हैं। साल 2023 में शुभमन गिल ने 9 इनिंग में 624 रन बनाए हैं। जिसमें दो शतक और एक दोहरा शतक शामिल है। शिखर धवन ने शुभमन गिल के बारे में कहा, ‘एक युवा लड़का है जो दोनों ही फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन कर रहा है।’

‘जब मेरा फॉर्म एक या दो सीरीजों में खराब हुआ तो उन्होंने शुभमन गिल को मौका दिया। और वह मौके पर पूरी तरह खड़े उतरे। जब ईशान किशन ने बांग्लादेश के खिलाफ डबल सेंचुरी जड़ी तब मुझे लगा कि, अब मैं टीम से बाहर हूं।’ साथ ही शिखर धवन ने कहा कि अगर वह सेलेक्टर होते तो वह खुद की जगह शुभमन गिल को ही चुनते।

close whatsapp