“रोहित भैया ने बोला कि दो साल बाद फिर से वर्ल्ड कप है तो मुझे..”- रिंकू सिंह ने कप्तान के साथ बातचीत को लेकर किया खुलासा
अब मेरा एकमात्र सपना है कि टीम इंडिया ट्रॉफी जीते और मैं उस ट्रॉफी को उठाऊं- रिंकू सिंह
अद्यतन - May 28, 2024 12:32 pm

आईपीएल 2024 के धमाकेदार सीजन के बाद फैंस का सारा ध्यान अब वेस्टइंडीज और अमेरिका में खेले जाने वाले टी20 वर्ल्ड कप पर है। टीम इंडिया पहला मैच 5 जून को आयरलैंड के खिलाफ न्यूयॉर्क में खेलेगी। टूर्नामेंट के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान बहुत पहले हो चुका है। रोहित शर्मा भारत की कमान सभालेंगे, वहीं हार्दिक पांड्या को उपकप्तानी सौंपी गई है।
शुभमन गिल, रिंकू सिंह, आवेश खान और खलील अहमद जैसे खिलाड़ी मेन स्क्वॉड में जगह नहीं बना पाए हैं। यह रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर टीम के साथ ट्रैवल करेंगे। रिंकू सिंह ने भारत के लिए टी20 फॉर्मेट में अपना शानदार फॉर्म दिखाया है, लेकिन फिर भी वह वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं बना पाए। चयन न होने पर रिंकू निराश जरूर हुए, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा की बातों से उन्हें और ज्यादा मेहनत करने की मोटिवेशन मिली है।
किसी को भी थोड़ा दुख होता है– रिंकू सिंह
टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए भारतीय टीम की घोषणा के बाद रिंकू सिंह ने रोहित शर्मा से बातचीत की थी। कप्तान ने उन्हें समझाया कि अगले दो साल बाद वापस से वर्ल्ड कप है, इसलिए चिंता करने की कोई बात नहीं है। रिंकू सिंह ने दैनिक जागरण पर बात करते हुए बताया, ‘हां, अगर अच्छे प्रदर्शन के बावजूद चयन न हो तो किसी को भी थोड़ा दुख होता है। हालांकि इस बार टीम कॉम्बिनेशन के कारण चयन नहीं हो सका।’
‘चाहे कुछ भी हो, जो चीज उसके हाथ में नहीं है, उसके बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहिए। हां, शुरुआत में मैं थोड़ा चिंतित था, लेकिन जो भी होता है अच्छे के लिए ही होता है। रोहित भैया ने कुछ खास नहीं कहा, उन्होंने बस इतना ही कहा कि कड़ी मेहनत करते रहो। दो साल बाद फिर वर्ल्ड कप है, ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है।’ रिंकू सिंह ने भारत के लिए अब तक 15 टी20 मैचों में 176.23 के स्ट्राइक रेट से 356 रन बनाए हैं।
रिंकू सिंह का कहना है कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से आईपीएल ट्रॉफी उठाने के बाद वह भारतीय टीम के साथ टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाने को लेकर काफी आश्वस्त है। रिंकू ने आगे बात करते हुए कहा, ‘मेरा भी सपना है कि हम वर्ल्ड कप जीतें, जीतना बहुत बड़ी बात है। मैं जहां से आता हूं, वहां रिजर्व में रहना भी मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। अब मेरा एकमात्र सपना है कि टीम इंडिया ट्रॉफी जीते और मैं उस ट्रॉफी को उठाऊं।’