टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी लेकर सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे रोहित और जय शाह, फोटोज हुई वायरल
टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ सिद्धिविनायक पहुंचे रोहित शर्मा।
अद्यतन - Aug 22, 2024 1:53 pm

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और BCCI सचिव जय शाह बुधवार को टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे। दोनों ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 ट्रॉफी के साथ दर्शन किए और भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया। रोहित और शाह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। फोटो की काफी चर्चा भी हो रही है, क्योंकि पूजा करने के बाद ट्रॉफी को भी हार पहनाया गया है। दर्शन करने के बाद रोहित और शाह गुलाबी रंग के स्टॉल पहने नजर आए।
T20 World Cup reaches Siddhivinayak Temple! 🙏❤️
– Captain Rohit Sharma and Jay Shah. 🇮🇳 pic.twitter.com/VjdJuOweEw
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) August 21, 2024
11 साल के बाद भारत ने जीता था ICC ट्रॉफी
बता दें कि भारत ने 29 जून को टी-20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीता और 11 साल बाद आईसीसी ट्रॉफी का सूखा समाप्त किया था। भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 से पहले 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। भारत की खिताबी मुकाबले में साउथ अफ्रीका से भिड़ंत हुई थी, जो बारबाडोस के मैदान पर खेला गया। भारत ने फाइनल में टॉस जीतकर बैटिंग चुनी और 176/7 का स्कोर खड़ा किया। विराट कोहली ने मुश्किल वक्त में 76 और अक्षर पटेल ने 46 रनों की शानदार पारी खेली। जवाब में साउथ अफ्रीका ने 8 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए।
उस मैच में साउथ अफ्रीकी टीम का पलड़ा 15वें ओवर तक भारी था, लेकिन अंत के पांच ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी की और सात रन से जीत दिलाई। हार्दिक पांड्या ने 20वें ओवर में 16 रन बचाए और भारतीय टीम ने इतिहास रचा। भारत ने 17 साल बाद टी20 टी20 वर्ल्ड कप जीता था, जो उसका सबसे छोटे फॉर्मेट का दूसरा खिताब है।
भारत ने पहला टी20 वर्ल्ड कप साल 2007 में एमएस धोनी की कप्तानी में अपने नाम किया। ‘हिटमैन’ के नाम से मशहूर रोहित ने ट्रॉफी जीतने के बाद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया। रोहित के अलावा विराट कोहली और रवींद्र जडेजा भी टी20 इंटनेशनल को अलविदा कह चुके हैं। रोहित अब सिर्फ वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान हैं। वहीं, भारतीय टी20 टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में हैं।