‘अभी के लिए उसे भूल जाइए’- टेस्ट कप्तान बनने को लेकर रोहित शर्मा का बयान
कोहली के कप्तानी छोड़ने पर भारतीय टीम को नए टेस्ट कप्तान की तलाश है।
अद्यतन - Feb 5, 2022 6:01 pm

रोहित शर्मा अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच के दौरान पूर्णकालिक एकदिवसीय कप्तान के रूप में पहली बार टीम इंडिया का नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। रोहित के नेतृत्व में, भारतीय टीम पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में 0-3 से वाइटवॉश झेलने के बाद आगामी तीन मैचों की एक दिवसीय सीरीज में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही होगी।
इस बीच, भारत के पूर्णकालिक सिमित ओवरों के कप्तान ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह वर्तमान में विंडीज के खिलाफ आगामी सफेद गेंद वाली घरेलू सीरीज पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और टेस्ट कप्तानी के बारे में नहीं सोच रहे हैं। उन्होंने यह बयान तब दिया जब उनसे भारत के अगले टेस्ट कप्तान होने की संभावना पर चयनकर्ताओं के साथ उनके बातचीत के बारे में पूछा गया।
टेस्ट कप्तानी मिलने को लेकर रोहित शर्मा ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज में मिले हार के बाद विराट कोहली ने टेस्ट कप्तानी छोड़ दी थी और यह बताया गया है कि उनके बाद अब रोहित शर्मा को सबसे लंबे प्रारूप में उनके उत्तराधिकारी के रूप में नियुक्त किया जा सकता है।
रोहित शर्मा ने पहले वनडे की पूर्व संध्या पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, “अभी के लिए टेस्ट कप्तानी को भूल जाइए. मुझे अभी इसकी कोई जानकारी नहीं है। जैसा कि मैंने कहा, अभी के लिए विंडीज और श्रीलंका सीरीज पर ध्यान केंद्रित करना है। मैं सिर्फ अभी वर्तमान के मैचों पर पूरा फोकस करना चाहता हूं।”
सलामी बल्लेबाज रोहित को टी-20 में कोहली के उत्तराधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया था, जब नवंबर की शुरुआत में ICC टी-20 विश्व कप 2021 के समापन के बाद पद से हट गए थे। दक्षिण अफ्रीका जाने से पहले दिसंबर में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने विराट कोहली को एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय कप्तान के पद से हटाकर चौंकाने वाला फैसला लिया था और रोहित को कप्तान बनाया गया था।