देश के लिए खेलना गर्व की बात है लेकिन हम आधे फिट खिलाड़ियों को….फिटनेस को लेकर बोले रोहित शर्मा
रोहित शर्मा ने अंगूठे की चोट के बावजूद बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे में 28 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली थी।
अद्यतन - दिसम्बर 8, 2022 3:18 अपराह्न

टीम इंडिया को 7 दिसंबर को बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए दूसरे वनडे मैच में दोहरा झटका लगा था। पहले तो कप्तान रोहित शर्मा चोटिल हो गए और फिर उसके बाद भारतीय टीम ये मुकाबला 5 रन से हार गई। साथ ही बता दें कि इस मैच को हारकर टीम इंडिया ने तीन मैचों की वनडे सीरीज को भी गंवा दिया है और मेजबान बांग्लादेश ने 0-2 की अजेय बढ़त बना ली है।
लेकिन वहीं चोटिल होने के बावजूद बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 28 गेंदों में 51 रनों की पारी खेलने वाले रोहित शर्मा ने राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर बड़ा बयान दिया है।
रोहित शर्मा फिटनेस को लेकर काफी गंभीर
बता दें कि फिटनेस को लेकर पूर्व भारतीय महिला क्रिकेटर अंजुम चोपड़ा से बात करते हुए रोहित शर्मा ने एनसीए में खिलाड़ियों के रिहैब के बाद फिटनेस टेस्ट क्लियर करने को लेकर बड़ा बयान दिया है। रोहित ने कहा, निश्चित रूप से चोट को लेकर कुछ चिंताए हैं।
हमें इसके लिए प्रयास करना चाहिए और इसकी तह तक जाना चाहिए। मुझे नहीं पता कि यह वास्तव में क्या है लेकिन वे शायद बहुत ज्यादा क्रिकेट खेल रहे हैं। हमें उन लोगों पर नजर रखने की और कोशिश करने की जरूरत है। क्योंकि जब वे भारत के लिए खेलने आते हैं तो वास्तव में फिटनेस 100 प्रतिशत से भी ऊपर होनी चाहिए।
रोहित शर्मा ने आगे कहा, यह कुछ ऐसा है जिसे हमें देखना है। हमें अपनी एनसीए टीम के साथ बैठना होगा और उनेक वर्कलोड पर नजर रखने की जरूरत है। यह ऐसी चीज है जिस पर हमें गौर करने की जरूरत है।
हम यहां आधे फिट खिलाड़ियों को देश का प्रतिनिधित्व करने का वहन नहीं कर सकते। हालांकि देश का प्रतिनिधित्व करना बहुत गर्व और सम्मान की बात है, लेकिन वे पर्याप्त रूप से फिट नहीं हैं तो उनका खेलना समझदारी नहीं हैं। हमें बस इसकी तह तक जाने की जरूरत है और यह पता लगाने की जरूरत है कि वास्तव में इसके पीछे क्या कारण हैं।