'मेरा ध्यान इस वक्त वर्ल्ड कप पर है, इसका फैसला बीसीसीआई करेगा'- एशिया कप 2023 विवाद पर बोले कप्तान रोहित - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘मेरा ध्यान इस वक्त वर्ल्ड कप पर है, इसका फैसला बीसीसीआई करेगा’- एशिया कप 2023 विवाद पर बोले कप्तान रोहित

पाकिस्तान के खिलाफ महामुकाबले से पहले कप्तान रोहित शर्मा से एशिया कप 2023 को लेकर सवाल किया गया।

Rohit Sharma (Image Source: Getty Images)
Rohit Sharma (Image Source: Getty Images)

टी-20 विश्व कप में भारत कल अपना पहला मैच चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मेलबर्न क्रिकेट ग्रांउड में खेला जाएगा। इस महत्वपूर्ण मैच से पहले भारतीय टीम के कप्तान और विस्फोटक बल्लेबाज रोहित शर्मा ने एक प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मुकाबले के साथ-साथ कुछ और मुद्दों पर भी बात की।

गौरतलब है कि इस समय क्रिकेट गलियारों में बीसीसीआई और पीसीबी के बीच तनातनी चल रही है। बता दें कि अभी कुछ समय पहले बीसीसीआई सचिव और एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के अध्यक्ष जय शाह ने कहा था कि भारत अगले साल एशिया कप 2023 के लिए पाकिस्तान की यात्रा नहीं करेगा। इस बयान पर पीसीबी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी और कहा था कि शाह की ये टिप्पणी भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट संबंधों को नुकसान पहुंचा सकती है।

एशिया कप 2023 को लेकर रोहित शर्मा ने दी ये प्रतिक्रिया

इसी बीच जब भारतीय कप्तान रोहित शर्मा से प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसको लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होनें कहा कि ‘वे इस वक्त अपने काम पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उनका ध्यान इस वक्त ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप पर है। साथ ही उन्होनें कहा कि वे पाकिस्तान के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करके अपने टूर्नामेंट की शुरुआत करना चाहते हैं।’

रोहित शर्मा ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि ‘एशिया कप को लेकर फैसला बोर्ड करेगा। मेरा मानना ​​है कि हमें इस वक्त इस विश्व कप पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि यह हमारे लिए महत्वपूर्ण है। हम इस बारे में चिंतित नहीं हैं कि बाद में क्या होने वाला है। इसके बारे में अभी सोचने का कोई मतलब नहीं है, बीसीसीआई उस पर निर्णय लेगा। हम सिर्फ अभी के बारे में सोच रहे है।’

भारत-पाक मैच पर रोहित का बड़ा बयान

बता दें कि एशिया कप 2022 में भारत और पाकिस्तान ने दो बार मैच खेला, जिसमें एक में भारत को और दूसरे में पाकिस्तान को जीत मिली। 23 अक्टूबर को खेला जाने वाला ये मुकाबला दोनों टीमों के बीच इस साल का तीसरा मैच होगा। हालांकि, इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है।

इस मैच से पहले जब भारतीय कप्तान रोहित शर्मा से दबाव को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होनें कहा कि ‘दबाव, मैं इस शब्द दबाव का उपयोग नहीं करना चाहता। यह कभी बदलने वाला नहीं है। मैं इसे चुनौती के रूप में लेना चाहूंगा, पाकिस्तान एक बहुत ही चुनौतीपूर्ण टीम है, 2007 से 2022 तक मैंने पाकिस्तान के खिलाफ जितना भी मुकाबला खेला है उसमें से ये सबसे अच्छी टीम है।’

close whatsapp