Rohit Sharma Axar Patel

“मैं उसे कल डिनर पर ले जाऊंगा”- कैच छोड़ने के बाद रोहित ने किया अक्षर से वादा

रोहित शर्मा ने छोड़ा था आसान सा कैच, जिस वजह से अक्षर ने ले पाए थे हैट्रिक।

Rohit Sharma & Axar Patel (Photo Source: Getty)
Rohit Sharma & Axar Patel (Photo Source: Getty)

रोहित शर्मा अगर जैकर अली का वो आसान सा कैच पकड़ लेते तो अक्षर पटेल के नाम कई रिकार्ड्स होते। चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया के विजयी आगाज के बावजूद भारतीय फैंस समेत खुद कप्तान रोहित शर्मा को इस बात का दुख है कि, इस मैच में अक्षर पटेल हैट्रिक लेने से चूक गए। गुरुवार, 20 फरवरी को भारत और बांग्लादेश के बीच चैंपियंस ट्रॉफी का दूसरा मुकाबला दुबई में खेला गया।

इस मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी बांग्लादेश की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले मोहम्मद शमी और हर्षित राणा की गेंदबाजी ने कहर बरपाया, वहीं 9वें ओवर में अक्षर पटेल विपक्षी बल्लेबाजों पर टूट कर पड़े। तंजीद हसन और मुश्फिकुर रहीम को बैक टू बैक गेंदों पर आउट करने के बाद अक्षर पटेल हैट्रिक पर थे।

अक्षर पटेल ने नए बल्लेबाज जकर अली को अपने जाल में फंसा लिया था, लेकिन स्लिप में रोहित शर्मा ने आसान सा कैच टपका दिया। रोहित ने जमीन पर थप्पड़ मारकर अपनी निराशा जाहिर की, मगर उनकी इस गलती की वजह से अक्षर चैंपियंस ट्रॉफी में अपनी पहली हैट्रिक पूरी करने से चूक गए।

रोहित शर्मा ने अक्षर पटेल से किया खास वादा

मैच के बाद भारतीय कप्तान ने कहा, “कल उसे (अक्षर) डिनर पर ले जा सकता हूं (मुस्कुराते हुए)। नहीं, वह आसान कैच था, मुझे अपने स्टैंडर्ड के हिसाब से वह कैच लेना चाहिए था। लेकिन मुझे पता है कि ऐसी चीजें होने वाली हैं। ह्रदय और जकर को श्रेय जाता है, उन्होंने एक अच्छी साझेदारी की।”

वहीं जैकर अली ने इस जीवनदान का पूरा फायदा उठाया और तौहीद हृदोय के साथ 154 रनों की साझेदारी कर टीम को 200 रनों की राह दिखाई। यह वनडे क्रिकेट में बांग्लादेश के लिए किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। बांग्लादेश ने भारत के आगे 229 रनों का टारगेट रखा, जिसे टीम इंडिया ने शुभमन गिल के शतक के दम पर 6 विकेट रहते हासिल किया।

close whatsapp