“अभी मैं एक सपने के सच होने का आनंद ले रहा हूं….”- T20 WC जीतने के बाद रोहित का पहला पोस्ट हुआ वायरल
रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया ने जीता टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब।
अद्यतन - Jul 1, 2024 9:19 am

भारत को टी-20 वर्ल्ड कप 2024 जीते हुए 24 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन फैंस अभी भी इसका जश्न मनाने में मशगूल हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीतने के बाद सोशल मीडिया पर पहली तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में हिटमैन बारबाडोस के मैदान पर लेटे हुए नजर आ रहे हैं।
रोहित शर्मा ने इस तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा कि फिलहाल उनके पास वर्ल्ड कप जीतने के बाद अपनी फीलिंग्स को बयां करने के लिए कोई शब्द नहीं है, मगर वह जल्द ही सबके साथ अपनी फीलिंग शेयर करेंगे। फिलहाल वह अपने सपने के सच होने का आनंद ले रहे हैं। आपको बता दें कि, टीम इंडिया ने 13 बाद वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की है और इसीलिए इसका जश्न दुनिया भर में धूम-धाम से मनाया जा रहा है।
रोहित शर्मा का ये पोस्ट सोशल मीडिया पर आग की तरह हुआ वायरल
इसी बीच रोहित शर्मा ने वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद अपनी पहली तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “यह तस्वीर इस बात का प्रतीक है कि मैं अभी कैसा महसूस कर रहा हूं। मेरे पास बहुत सारे शब्द हैं, लेकिन मैं सही शब्द नहीं ढूंढ पा रहा हूं कि कल का दिन मेरे लिए क्या मायने रखता है, लेकिन मैं ऐसा करूंगा, और मैं उन्हें साझा करूंगा, लेकिन अभी मैं एक सपने के सच होने का आनंद ले रहा हूं जो हम में से एक अरब लोगों के लिए सच हो रहा है।”
This picture epitomises how I’m feeling right now. So many words but can’t find the right ones to express what yesterday meant to me but I will, and I will share them, but right now I’m basking in a dream come true for a billion of us. ❤️🏆 pic.twitter.com/X2eyU3Eaqm
— Rohit Sharma (@ImRo45) June 30, 2024
बता दें, रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने पिछले 12 महीनों में यह तीसरा ICC फाइनल खेला था। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे वर्ल्ड कप में आईसीसी का खिताब से एक कदम दूर रहने के बाद आखिरकार टीम इंडिया ने टी-20 में ट्रॉफी अपने नाम की। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे वर्ल्ड कप में उन्हें ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
रोहित शर्मा ने भारतीय टीम की कमान 2021 में संभाली थी। उसी समय राहुल द्रविड़ भी बतौर हेड कोच टीम इंडिया के साथ जुड़े थे। इन दोनों की अगुवाई में भारत ने 2022 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था, मगर वहां टीम को इंग्लैंड के हाथों बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा था। टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीतने के बाद रोहित शर्मा ने T20Is से संन्यास ले लिया है।