हमारे पास किसी भी विकेट पर खेलने और उस पर जीत हासिल करने की ताकत है: रोहित शर्मा
राजकोट में हुए तीसरे टेस्ट मैच को भारतीय टीम ने 434 रनों के बड़े अंतर से इंग्लैंड को हराया था
अद्यतन - फरवरी 19, 2024 3:22 अपराह्न

भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) क्रिकेट टीम के बीच इस समय पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। राजकोट में हुए तीसरे टेस्ट मैच को भारतीय टीम ने 434 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया है। इसके साथ ही भारत ने टेस्ट सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली है।
दूसरी ओर, जिस तरह से भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में जीत हासिल की, उसके बाद पिच को लेकर काफी चर्चा भी देखने को मिली। इंग्लिश मीडिया ने तो यहां तक कह दिया कि खेल चौथे दिन पिच काफी चुनौतीपूर्ण हो गई और पिच से भारतीय गेंदबाजों को असाधारण टर्न मिल रहा था।
तो वहीं इस सब के बीच भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का बड़ा बयान सामने आया है। रोहित के इस बयान ने क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया है। रोहित ने कहा है कि उनकी टीम के पास किसी भी विकेट पर जीत हासिल करने की ताकत है।
हमारे पास किसी भी विकेट पर खेलने और उस पर जीत हासिल करने की ताकत है: रोहित शर्मा
बता दें कि राजकोट टेस्ट मैच में जीत हासिल करने के बाद पोस्ट मैच काॅन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा- हमने पहले भी इस तरह के विकेट पर मैच जीते हैं। टर्निंग ट्रैक और जिन पिचों पर गेंद ज्यादा घूमती है, यह हमारी ताकत बनी हुई है।
हमने कई सालों तक परिणाम दिए हैं और आगे भी परिणाम मिलेंगे। लेकिन कुछ चीजों पर हमारा कंट्रोल नहीं है। ऐसी पिचों पर आप खेल के पहले दो दिन बहुत कुछ कर सकते है।
रोहित ने आगे कहा- पिच को क्यूरेटर बनाते हैं और वे फैसला लेते हैं। लेकिन हमारे पास किसी भी विकेट पर खेलने और उस पर जीत हासिल करने की ताकत है। जब हमने केपटाउन साउथ अफ्रीका में टेस्ट मैच जीता था, तो हर कोई जानता था कि वहां किस तरह का विकेट था।