इंग्लैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से इन तीन भारतीय खिलाड़ियों की हो सकती है छुट्टी
भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले 6 फरवरी से हो रही है।
अद्यतन - Dec 31, 2024 6:14 pm

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा, अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और घातक तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज को मिस कर सकते हैं। बता दें कि, भारत और इंग्लैंड के बीच आगामी वनडे सीरीज की शुरुआत चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले 6 फरवरी से हो रही है।
इस समय ये तीनों खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का हिस्सा हैं। इस टेस्ट सीरीज में रोहित शर्मा का प्रदर्शन काफी खराब रहा है और वो अपनी टीम के लिए बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं। वहीं विराट कोहली की बात की जाए, तो उनकी एक शतकीय पारी को छोड़ दिया जाए तो वह भी संघर्ष करते हुए नजर आए हैं।
बता दें कि, विराट ने पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच शानदार शतक जड़ा था। हालांकि, इसके बाद बेहतरीन बल्लेबाज बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे हैं। जसप्रीत बुमराह की बात की जाए तो उन्होंने अभी तक इस सीरीज में 30 विकेट झटक लिए हैं। पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच में रोहित शर्मा की अनुपलब्धता में जसप्रीत बुमराह ने टीम इंडिया की कप्तानी की थी। उनकी कप्तानी में टीम ने जीत दर्ज की थी।
स्पोर्ट्स तक की रिपोर्ट के मुताबिक, जसप्रीत बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में इसलिए आराम दिया जा सकता है, क्योंकि टीम मैनेजमेंट चाहती है कि वो चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पूरी तरह से फिट रहे। यही नहीं चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले रोहित शर्मा और विराट कोहली छुट्टी ले रहे हैं।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की शुरुआत 19 फरवरी से
आगामी टूर्नामेंट की शुरुआत 19 फरवरी से हो रही है, जिसमें कुल 8 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप A में भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश है, जबकि ग्रुप B में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, अफगानिस्तान और साउथ अफ्रीका है।
टीम इंडिया के सभी मैच न्यूट्रल वेन्यू यानी दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी, जबकि उसे इस टूर्नामेंट का अपना दूसरा मैच 23 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है। टीम इंडिया चैंपियन ट्रॉफी 2025 का अपना अंतिम लीग मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 मार्च को खेलेगी।