CT 2025 खत्म होते ही ICC वनडे रैंकिंग में रोहित और विराट की लंबी छलांग । CricTracker Hindi

CT 2025 खत्म होते ही ICC वनडे रैंकिंग में रोहित और विराट की लंबी छलांग, टॉप 5 में बनाई अपनी जगह

विराट कोहली की बात की जाए तो उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में 218 रन बनाए थे और वह पांचवें पायदान पर काबिज हैं

Virat Kohli & Rohit Sharma (Photo Source: Getty Images)
Virat Kohli & Rohit Sharma (Photo Source: Getty Images)

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में टीम इंडिया ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए तीसरी बार ट्रॉफी को अपने नाम किया। मेन इन ब्लू ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराया और खिताब पर कब्जा किया। वहीं टूर्नामेंट के समापन के बाद टीम इंडिया के कई खिलाड़ियों की वनडे रैंकिंग में जबरदस्त इजाफा देखने को मिला है।

आज यानी 12 मार्च को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने नई वनडे रैंकिंग का खुलासा किया है। भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा, जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में  शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम के लिए मैच विनिंग पारी खेली थी, वह अब आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में तीसरे पायदान पर आ चुके हैं। इससे पहले वह पांचवीं पोजीशन पर थे।

अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली की बात की जाए, तो उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में 218 रन बनाए थे और वह पांचवें पायदान पर हैं। धाकड़ मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने भी इस पूरे टूर्नामेंट में अपनी छाप छोड़ी थी और अब वह आठवें पायदान पर पहुंच गए हैं। शुभमन गिल शीर्ष पर बने हुए हैं।

इसके साथ ही गेंदबाजी रैंकिंग की बात की जाए तो कुलदीप यादव इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर हैं, जबकि अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा टॉप 10 में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं।

कीवी खिलाड़ियों ने भी आईसीसी रैंकिंग में लगाई छलांग

न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने भी आईसीसी रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है। वनडे ऑलराउंडर की सूची में मिचेल सैंटनर चौथे पायदान पर आ चुके हैं, जबकि माइकल ब्रेसवेल सातवें स्थान पर अपनी जगह बनाने कामयाब रहे हैं। माइकल ब्रेसवेल अपनी टीम की ओर से चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे पायदान पर थे।

रचिन रविंद्र को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवार्ड मिला था। वह चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। उन्होंने चार पारी में 263 रन बनाए थे और अब वह वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में 14वीं रैंकिंग हासिल कर चुके हैं।

close whatsapp