IND vs AUS: नागपुर टेस्ट में जीत दर्ज करने के बाद रोहित शर्मा के मजेदार इंटरव्यू ने सोशल मीडिया पर बटोरी सुर्खियां, आपने देखा क्या
नागपुर टेस्ट में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को एक तरफा अंदाज में हराया है।
अद्यतन - फरवरी 11, 2023 7:14 अपराह्न

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को चार मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में हरा दिया है। बता दें कि नागपुर के वीसीए स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रोहित एंड कंपनी ने एक तरफा अंदाज में पैट कमिंस की अगुवाई वाली कंगारू टीम को पारी को 132 रनों के अंतर से हराया है।
तो वहीं मैच खत्म होने के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है जिसमें वह अपना इंटरव्यू ले रहे इरफान पठान से बड़े ही मजाकिया अंदाज में बात करते हुए नजर आते हैं।
देंखे रोहित का वायरल वीडियो
Rohit Sharma full Interview #INDvsAUS #BorderGavaskarTrophy2023 #CricketTwitter #RohitSharma𓃵 pic.twitter.com/Zozq2WrqUF
— Vishesh Jain (@i_am_vishesh_) February 11, 2023
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया नागपुर टेस्ट मैच का हाल:
बता दें कि मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला उनके पक्ष में नहीं गया। दूसरी तरफ भारत की बेहतरीन गेंदबाजी के आगे ऑस्ट्रेलिया की टीम पहली पारी में 177 रनों पर सिमट गई।
पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सबसे ज्यादा 49 रन मार्नस लाबुशेन ने बनाए तो वहीं भारत की तरफ से रवींद्र जडेजा ने 5, रवि अश्विन ने 3 और मोहम्मद शमी व मोहम्मद सिराज ने 1-1 विकेट निकाला। इसके बाद भारत की तरफ से बल्लेबाजी में कमाल का प्रदर्शन किया गया।
एक छोर से लगातार विकेट गिरने के बावजूद कप्तान रोहित शर्मा के 120, जडेजा के 70 और अक्षर पटेल के 84 रनों के दम पर भारत ने 400 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया पर 233 रनों की मजबूत बढ़त बनाई। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से टाॅड मर्फी ने सबसे ज्यादा सात विकेट लिए।
इसके ठीक बाद बल्लेबाजी करने आई ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी ने भारत की स्पिन गेंदबाजी के सामने मात्र 91 रनों पर घुटने टेक दिए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से दूसरी पारी में 25 रन स्टीव स्मिथ ने बनाए। तो वहीं भारत की तरफ से अश्विन ने 5, जडेजा व शमी ने 2-2 और 1 विकेट अक्षर पटेल ने निकाला। बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट मैच 17 फरवरी से दिल्ली में खेला जाएगा।