CT2025: एक खुशी, तो दूसरा खुद से नाराजगी का पल, रोहित शर्मा के ड्रॉप कैच के बाद अब रिएक्शन हो रहा वायरल
अक्षर पटेल की गेंद पर रोहित शर्मा ने स्लिप में एक आसान सा कैच छोड़ दिया था।
अद्यतन - Feb 21, 2025 7:09 pm

भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा की फील्डिंग आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में बांग्लादेश के खिलाफ मैच के दौरान काफी खराब रही थी। उन्होंने अक्षर पटेल की गेंद पर स्लिप में एक आसान सा कैच छोड़ दिया था। अगर रोहित शर्मा इस कैच को पकड़ लेते, तो अक्षर पटेल की हैट्रिक पूरी हो जाती।
हालांकि, ऐसा नहीं हो सका। रोहित शर्मा ने जैसे ही यह कैच छोड़ा उन्हें जमीन पर हाथ मारते हुए देखा गया। ऐसा ही कुछ रिएक्शन भारतीय कप्तान ने तब दिया था, जब उन्होंने जून में खेले गए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराया था। रोहित शर्मा के इस रिएक्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
हालांकि, इन दोनों रिएक्शन में फर्क यह था कि आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में जीत दर्ज करने के बाद रोहित शर्मा ने खुशी के मारे जमीन पर हाथ मारे थे, जबकि बांग्लादेश के खिलाफ मैच में उन्होंने गुस्से में यह हरकत की थी।
ये रहा वीडियो
— Lolzzz (@CricketerMasked) February 20, 2025
Us rohit bhai us pic.twitter.com/p8bu08wMGl
— Manu Arora (@mannupaaji) June 29, 2024
बांग्लादेश के खिलाफ टीम इंडिया ने जीत दर्ज की
बांग्लादेश के खिलाफ आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के अपने पहले मैच में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की। इस मैच में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 228 रन बनाए थे। जवाब में टीम इंडिया ने मैच को चार विकेट खोकर जीत लिया।
अब टीम इंडिया को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का अपना दूसरा मैच पाकिस्तान के खिलाफ 23 फरवरी को दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेलना है। टीम इंडिया ने इस टूर्नामेंट की अपनी शुरुआत धमाकेदार तरीके से की है और पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच में भी उन्हें शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी करते हुए देखा जा सकता है।
भले ही रोहित शर्मा बांग्लादेश के खिलाफ मैच में अच्छी फील्डिंग ना कर पाए हो, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ उन्हें शानदार प्रदर्शन करते हुए देखा जा सकता है। इस मैच में रोहित शर्मा ने 41 रनों की पारी खेली थी।