संजू सैमसन ने किया बड़ा खुलासा, बताया जोस बटलर और रविचंद्रन अश्विन के साथ अपने खास रिश्ते के बारे में - क्रिकट्रैकर हिंदी

संजू सैमसन ने किया बड़ा खुलासा, बताया जोस बटलर और रविचंद्रन अश्विन के साथ अपने खास रिश्ते के बारे में

राजस्थान रॉयल्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट में एक वीडियो साझा किया जिसमें संजू सैमसन ने कहा कि, 'हर खिलाड़ी के साथ मेरा रिश्ता अलग है।'

Rajasthan Royals Team (Pic Source-Twitter)
Rajasthan Royals Team (Pic Source-Twitter)

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने हाल ही में अपनी टीम के साथियों के साथ अपने रिश्ते पर बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा कि वो अनुभवी बल्लेबाज जोस बटलर और रविचंद्रन अश्विन को अपना बड़ा भाई मानते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि टीम के विस्फोटक बल्लेबाज शिमरॉन हेटमायर के साथ वो अच्छा समय बिताते हैं और उन्हें राजस्थान टीम में छोटा भाई मानते हैं।

राजस्थान रॉयल्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट में एक वीडियो साझा किया जिसमें संजू सैमसन ने कहा कि, ‘हर खिलाड़ी के साथ मेरा रिश्ता अलग है। जोस बटलर और रविचंद्रन अश्विन को मैं अपना बड़ा भाई मानता हूं। शिमरॉन हेटमायर मेरे लिए एक दोस्त से ज्यादा हैं। जितने भी टीम में युवा खिलाड़ी हैं सब मेरे छोटे भाई हैं। मेरे लिए सबसे अच्छी बात यह है कि टीम के लोगों के साथ मेरा रिश्ता काफी अच्छा है और इससे सभी को काफी मदद मिलती है। मैं हर समय का लुफ्त उठा रहा हूं।’

मुझे अपने ऊपर पूरा भरोसा है कि मैं टीम की अच्छी कप्तानी करूंगा: संजू सैमसन

संजू सैमसन ने आगे कहा कि, ‘मुझे लगता है कि एक बार जब आप मैदान पर होते हैं तो सभी लोग बराबर होते हैं। जिस तरीके से आप उनके साथ व्यवहार करते हैं वैसे ही वो आपके साथ करते हैं। सब चीजें सामान्य रहती है। हर खिलाड़ी के साथ बातचीत करने का तरीका अलग होता है। कभी-कभी आपको कड़े फैसले लेने होते हैं।’

उन्होंने आगे कहा कि, ‘मैंने काफी खेल खेला हुआ है और मैंने अपने आपको साबित भी किया है। इस भूमिका के लिए मेरे अंदर काफी आत्मविश्वास है। इस भूमिका को निभाने के लिए आपके अंदर आत्मविश्वास जरूर होना चाहिए और यह भी कि आप हर खिलाड़ी से कैसे बातचीत करते हैं। जब आप अश्विन भाई से कुछ पूछते हैं तब आपको उनको मनाना पड़ता है कि टीम आपसे क्या चाहती है।’

इस समय राजस्थान रॉयल्स मुंबई इंडियंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 42वां मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेल रही है।

close whatsapp