क्या जो रूट सचिन तेंदुलकर के इस महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं? जानिए सुनील गावस्कर की राय - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्या जो रूट सचिन तेंदुलकर के इस महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं? जानिए सुनील गावस्कर की राय

सुनील गावस्कर ने कहा लगातार खेलना जो रूट पर मानसिक और शारीरिक रूप से भारी पड़ सकता है।

Sunil Gavaskar and Joe Root (Image Source: BCCI/Getty Images)
Sunil Gavaskar and Joe Root (Image Source: BCCI/Getty Images)

पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने स्वीकार किया है कि जो रूट सचिन तेंदुलकर के टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक रनों के रिकॉर्ड को तोड़ सकते है, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि इस रिकॉर्ड को तोड़ना बहुत मुश्किल है। उन्होंने यह भी कहा लगातार खेलना जो रूट पर मानसिक और शारीरिक रूप से भारी पड़ सकता है।

आपको बता दें, जो रूट (10191 रन) ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट में 10000 रनों का आंकड़ा पार किया, और अब वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले 14वें खिलाड़ी बन गए हैं। अब इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज के पास तेंदुलकर के टेस्ट क्रिकेट में सर्वकालिक सर्वाधिक रनों के रिकॉर्ड को तोड़ने का अच्छा मौका है। भारत के महान बल्लेबाज 15921 रनों के साथ टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूचि में सबसे ऊपर है, और उनके बाद रिकी पोंटिंग (13378 रन), जैक्स कैलिस (13,289 रन) और राहुल द्रविड़ (13,288 रन) हैं।

जो रूट सचिन तेंदुलकर के टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक रनों के रिकॉर्ड को तोड़ सकते है: सुनील गावस्कर

सुनील गावस्कर ने इंडिया टुडे के हवाले से कहा: “सचिन तेंदुलकर का टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड लगभग कभी न टूटने वाला रिकॉर्ड है, क्योंकि हम लगभग और 6000 रनों के बारे में बात कर रहे हैं, जिसका मतलब है कि जो रूट को इस रिकॉर्ड तक पहुंचने के लिए अगले 8 सालों तक लगातार हर साल लगभग 1000 रन या 800 रन बनाने होंगे। इस समय  जो रूट की उम्र 31 साल है, और अगर वह अपने इस फॉर्म को बनाए रखते हैं, और उनके उत्साह में कोई कमी नहीं आती है, तो वह निश्चित रूप से तेंदुलकर के इस रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। मैं असंभव तो नहीं कहूंगा, लेकिन यह बिल्कुल भी आसान नहीं होने वाला है।”

पूर्व कप्तान ने आगे कहा: “यदि आप हर मैच में खेल रहे हैं, तो कभी-कभी आपके फॉर्म भी गिरावट भी देखी जा सकती है, क्योंकि लगातार खेलने से मानसिक थकान होना लाजमी है। हम देख रहे हैं जो रूट अक्सर 150+ स्कोर बना रहा है, लेकिन मुझे लगता है कि यह मानसिक और शारीरिक रूप से उस पर भारी पड़ सकता है।”

पूर्व कप्तान ने कहा खेल में कुछ भी असंभव नहीं है

हालांकि, सुनील गावस्कर ने न्यूजीलैंड के दिग्गज रिचर्ड हैडली (431 टेस्ट विकेट) और वेस्टइंडीज के महान कर्टनी वॉल्श (519 टेस्ट विकेट) के टूटे हुए रिकॉर्ड का उदाहरण देते हुए कहा कि खेल में कुछ भी संभव है, इसलिए जो रूट के सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ने की संभावनाओं को ठुकराया नहीं जा सकता।

भारतीय दिग्गज ने अंत में कहा: “हम सभी को पता है कि खेल में कुछ भी संभव है। क्या हमने पहले सोचा था कि रिचर्ड हैडली का 431 टेस्ट विकेट का रिकॉर्ड नहीं टूटेगा, या फिर कोई कोर्टनी वॉल्श के 519 टेस्ट विकेट का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाएगा, लेकिन ये रिकार्ड्स तोड़े गए। इस समय जिस तीव्रता से खेल आगे बढ़ रहा है, उसे देखते हुए कोई भी चीज असंभव नहीं है, और जो रूट का सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा टेस्ट रनों का रिकॉर्ड तोड़ना भी असंभव नहीं है, लेकिन हां, इसे तोड़ना बहुत कठिन है, लगभग नामुनकिन है।”

close whatsapp