कोहली को “हमारा विराट कोहली” कहने पर सफाई देते फिर रहे हैं मोहम्मद रिजवान
मोहम्मद रिजवान ने विराट कोहली से अपनी पहली मुलाकात को याद किया।
अद्यतन - जून 8, 2022 1:13 अपराह्न

पाकिस्तान के विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच के दौरान भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के साथ अपनी पहली मुलाकात की यादों को तरोताजा किया।
आपको बता दें, इस टी-20 वर्ल्ड कप 2021 मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से मात दी थी, जिसके बावजूद दोनों खिलाड़ियों के बीच दुबई के स्टेडियम में जो भाईचारा दिखाई दिया, उसने कई फैंस का दिल जीत लिया था। इस मैच के बाद पूर्व भारतीय कप्तान रिजवान और बाबर आजम के साथ काफी दोस्ताना मिजाज में नजर आए, जिसे लेकर पाकिस्तान के विकेटकीपर ने अपनी भावनाओं को साझा किया है।
मोहम्मद रिजवान ने विराट कोहली से अपनी पहली मुलाकात को याद किया
वह भारतीय खिलाड़ियों से मिले प्यार और स्नेह से अभिभूत थे। इस बीच, रिजवान ने भारतीय दिग्गज बल्लेबाज को “हमारे विराट कोहली” के रूप में संदर्भित करके क्रिकेट प्रशंसकों का दिल जीत लिया है। उन्होंने अपनी इस टिप्पणी पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि वे सभी एक परिवार की तरह हैं।
वहीद खान के यूट्यूब शो क्रिकेट बाज पर बात करते हुए मोहम्मद रिजवान ने कहा: “जब मैं पहली बार विराट कोहली से मिला….जैसा मैंने अन्य लोगों से उनके बारे में सुन रखा था कि ‘विराट आक्रामक है..वगैरह… वगैरह’, वह इसके बिल्कुल विपरीत हैं। वह जिस तरह मैच से पहले और बाद में मुझसे मिले, वह अद्भुत मुलाकात थी। मैंने कहा कि ‘वह हमारे विराट कोहली हैं’, तो ऐसा इसलिए कहा क्योंकि हम सभी एक परिवार हैं।”
पाकिस्तानी स्टार ने आगे बताया, “हालांकि, जब हम मैदान में उतरते हैं, तो कोई स्टार नहीं होता, और ना ही हमारे बीच कोई भाईचारा नहीं होता है। लेकिन मैदान के बाहर, जब हम विराट कोहली से मिले, हमारे कुछ खिलाड़ी एमएस धोनी से भी मिले, तो हम एक-दूसरे से बहुत प्यार और स्नेह से मिले।”
आपको बता दें, क्रिकविक के अनुसार, रिजवान ने हाल ही में कहा था कि हम एक परिवार की तरह हैं। अगर मैं ‘हमारा विराट कोहली’ कहूं तो गलत नहीं होगा। मैं ‘हमारा चेतेश्वर पुजारा’, ‘हमारा स्टीव स्मिथ’ या ‘हमारा जो रूट’ भी कहूं तो मुझे नहीं लगता कि इसमें कुछ गलत है, क्योंकि हम सब एक परिवार हैं।