World Cup 2027 के लिए पाकिस्तानी टीम में पूर्व कप्तान ने इन 3 खिलाड़ियों को बताया सबसे बड़ा दावेदार
इस बार वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की सहमेजबानी में खेला जाएगा
अद्यतन - अगस्त 9, 2026 11:41 पूर्वाह्न

आईसीसी क्रिकेट वनडे वर्ल्ड कप इस बार अगले साल 2027 में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की सह-मेजबानी में खेला जाएगा। सभी टीमें फिलहाल इस मल्टीनेशन टूर्नामेंट के लिए तैयारियों को अमलीजामा पहनाते हुए नजर आ रही हैं।
इस बीच, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान व सलामी बल्लेबाज सलमान बट ने उन तीन खिलाड़ियों को चयन किया है, जो आगामी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के टाॅप ऑर्डर को संभाल सकते हैं। हालांकि, इस दौरान उन्होंने दिग्गज बल्लेबाज फखर जमां का नाम नहीं लिया है।
सलमान बट ने चुने पाकिस्तान के टाॅप-3
हाल में ही पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बैटिंग विद विमल शो में नजर आए। इस दौरान सलमान बट ने कहा ‘अब्दुल्ला शफीक, सैम अयूब और इमाम-उल-हक ऐसे बल्लेबाज हैं जिनमें शतक लगाने की काबिलियत है। 2027 के वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए इन तीनों को नेशनल वनडे टीम में शामिल किया जाना चाहिए।’
तीनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर एक नजर
अब्दुल्ला शफीक की हालिया फाॅर्म व वनडे आंकड़े
अब्दुल्ला शफीक ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ पाकिस्तान की टेस्ट सीरीज में हिस्सा लिया, जिसमें उन्होंने कुल 184 रन बनाए। उनके प्रदर्शन में 160 रन की नाबाद पारी भी शामिल थी, जो यह दिखाती है कि उनमें बड़ी पारी खेलने की काबिलियत है। वनडे क्रिकेट में शफीक का औसत 29.48 है, जिससे पता चलता है कि वह अभी भी 50-ओवर के फाॅर्मेट में अपनी पहचान बना रहे हैं।
सैम अयूब की वनडे क्रिकेट में स्थिरता
सैम अयूब ने वनडे क्रिकेट में खुद को एक भरोसेमंद खिलाड़ी के तौर पर साबित किया है। इस फाॅर्मेट में उनका औसत 46.93 रहा है। युवा बल्लेबाज ने अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने की काबिलियत दिखाई है, जो बट के उस आकलन से मेल खाती है कि उनमें शतक लगाने की क्षमता है। साथ ही वह एक स्पिन गेंदबाज के तौर पर भी मैच बदलने की काबिलियत रखते हैं।
इमाम उल हक का अनुभव व औसत
इमाम उल हक वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज में भी खेले थे, जहाँ उन्होंने कुल 89 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 63 रनों का बेस्ट स्कोर बनाया और पूरी टेस्ट सीरीज में औसत 22.25 का रहा। लेकिन, वनडे क्रिकेट में इमाम का औसत 47.04 है, जो उन्हें पाकिस्तान के भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक बनाता है। उनका अनुभव और लगातार अच्छा प्रदर्शन उन्हें टीम चुनने की प्रक्रिया के लिए एक मजबूत दावेदार बनाता है।
खैर, अब देखने लायक बात होगी कि जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड, वर्ल्ड कप 2027 के लिए टीम का चयन करता है तो क्या इन तीनों खिलाड़ियों को जगह मिलेगी?