RCB के खिलाफ हारने के बाद RR के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट कुमार संगकारा ने अपनी टीम को दिया प्रोत्साहित संदेश - क्रिकट्रैकर हिंदी

RCB के खिलाफ हारने के बाद RR के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट कुमार संगकारा ने अपनी टीम को दिया प्रोत्साहित संदेश

राजस्थान रॉयल्स ने अभी तक 13 मुकाबले खेले हैं जिसमें से छह में टीम ने जीत दर्ज की है जबकि 7 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।

RR Vs RCB (Pic Source-Twitter)
RR Vs RCB (Pic Source-Twitter)

14 मई को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के 60वें मुकाबले में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने राजस्थान रॉयल्स को 112 रनों से करारी शिकस्त दी। राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन इस मैच में काफी निराशाजनक रहा।

बता दें, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 171 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 44 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 55 रन की पारी खेली जबकि ग्लेन मैक्सवेल ने 33 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्कों की मदद से 54 रन बनाए। अनुज रावत ने 29* रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

जवाब में राजस्थान रॉयल्स 10.3 ओवर में 59 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से शिमरॉन हेटमायर ने 19 गेंदों में 1 चौके और 4 छक्कों की मदद से 35 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। उनके अलावा जो रूट ने 10 रन बनाए। इन दो बल्लेबाजों के अलावा कोई भी अन्य खिलाड़ी 10 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। राजस्थान रॉयल्स की खराब बल्लेबाजी से टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट कुमार संगकारा काफी निराश लगे और उन्होंने ड्रेसिंग रूम पहुंचकर खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण संदेश दिया।

राजस्थान रॉयल्स ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो साझा की है जिसमें कुमार संगकारा कह रहे हैं कि, ‘ हमें भी एक मुकाबला और खेलना है। हमें यह नहीं सोचना चाहिए कि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ हमने कैसे खेले। हमारे दिमाग में बस यही होना चाहिए कि हमको मैच में जीत दर्ज करनी है। जो हो गया सो हो गया। इसको सीखकर आगे बढ़े। मैं देख सकता हूं कि कई लोग निराश हैं।’

यह रही वीडियो:

कुमार संगकारा ने आगे कहा कि, ‘ठीक है मैं किसी एक या दो खिलाड़ी का नाम नहीं लेना चाहूंगा। कोई नहीं हमने काफी कोशिश की लेकिन आज हम मैच को अपने नाम नहीं कर पाए। धर्मशाला में भी हमें एक मुकाबला और खेलना है।

बता दें, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को यह मैच जीतना बेहद जरूरी था। उन्होंने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत हासिल की। इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की अंक तालिका में इस समय रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर 5वें पायदान पर हैं। उन्होंने अभी तक इस सीजन में 12 मैच खेले हैं जिसमें से 6 में टीम ने जीत दर्ज की है जबकि छह में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।

वहीं राजस्थान रॉयल्स अंक तालिका में 6वें पायदान पर हैं। उन्होंने अभी तक 13 मुकाबले खेले हैं जिसमें से छह में टीम ने जीत दर्ज की है जबकि 7 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।

close whatsapp