जमकर बल्ला चला रहे हैं गिल, जीत लिया एक ‘खास’ फैन का दिल
इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है।
अद्यतन - नवम्बर 15, 2023 3:21 अपराह्न

इस समय आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। बता दें, दोनों ही टीमों ने इस मैच की प्लेइंग XI में कोई भी बदलाव नहीं किया है।
भारत ने इस मुकाबले में काफी अच्छी शुरुआत की है। कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने अपनी टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ काफी अच्छी शुरुआत दिलाई। इस मैच को देखने कई लोग मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पहुंचे हुए हैं। इसी के साथ सारा तेंदुलकर को भी मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुकाबले का लुफ्त उठाते हुए देखा गया।
सारा तेंदुलकर भी इस मैच में भारतीय टीम को चीयर करने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पहुंची है। यही नहीं जैसे ही भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना अर्धशतक पूरा किया वैसे ही सारा तेंदुलकर को उनके लिए ताली बजाते हुए भी देखा गया।
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले सेमीफाइनल मैच में काफी अच्छी शुरुआत की है। इस मैच में भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ काफी अच्छी पारी खेली। हालांकि, वो इस मैच में अपना अर्धशतक बनाने में नाकाम रहे। रोहित शर्मा ने इस मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 29 गेंदों में चार चौके और चार छक्कों की मदद से 47 रनों की विस्फोटक पारी खेली।
फिलहाल भारत ने काफी अच्छी शुरुआत कर ली है और अब टीम भी न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाना चाहेगी। सबसे अच्छी बात यह है कि भारत के सभी खिलाड़ी इस समय काफी अच्छे फॉर्म में है और उन्हें रोकना बहुत ही मुश्किल है। जहां एक तरफ पहला सेमीफाइनल मैच इन दोनों टीमों के बीच खेला जा रहा है वहीं इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला 16 नवंबर को कोलकाता की ईडन गार्डन में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। फाइनल 19 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।