क्या IPL का यह सत्र धोनी के लिए होगा आखिरी या अगले सीजन में भी खेलते हुए नजर आएंगे CSK के कप्तान? जानें क्या कहा पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने - क्रिकट्रैकर हिंदी

क्या IPL का यह सत्र धोनी के लिए होगा आखिरी या अगले सीजन में भी खेलते हुए नजर आएंगे CSK के कप्तान? जानें क्या कहा पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने

रिपोर्ट की मानें तो यह सीजन महेंद्र सिंह धोनी का आखिरी IPL सत्र हो सकता है।

MS Dhoni and Sarandeep Singh (Pic Source-Twitter)
MS Dhoni and Sarandeep Singh (Pic Source-Twitter)

इस समय इंडियन प्रीमियर लीग का 16वां संस्करण खेला जा रहा है। तमाम फैंस इस बात से काफी खुश हैं कि एमएस धोनी इस सीजन में भी चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करते हुए नजर आ रहे हैं।

बता दें, महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से 2020 में संन्यास ले लिया था जिसके बाद तमाम लोग इस चीज को लेकर सवाल उठा रहे थे कि अब धोनी IPL से भी संन्यास ले सकते हैं। हालांकि महेंद्र सिंह धोनी ने अभी तक इस टूर्नामेंट से संन्यास नहीं लिया है।

हालांकि रिपोर्ट की मानें तो यह सीजन महेंद्र सिंह धोनी का आखिरी IPL सत्र हो सकता है। अब इसी को लेकर भारत के पूर्व क्रिकेटर सरनदीप सिंह ने अपना पक्ष रखा है। जियोसिनेमा से बात करते हुए सरनदीप सिंह ने कहा कि, ‘अगर धोनी फिट है तो वो जरूर खेल सकते हैं। लेकिन जब हम धोनी की बात करते हैं तो इस चीज पर फैसला हमेशा वही लेते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि उनके अलावा कोई और नहीं बता सकता है कि उनका शरीर इस समय कैसे काम कर रहा है।’

महेंद्र सिंह धोनी जैसा कोई और नहीं: सरनदीप सिंह

पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने आगे कहा कि, ‘हम उनको पिछले 15 संस्करणों से देख रहे हैं और इस सीजन में भी वो अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। RCB के खिलाफ हमने उनको पिछले मुकाबले में भी देखा और जिस तरीके से उन्होंने वो दो कैच पकड़े वो सच में कमाल के थे। उन्होंने विकेट के पीछे से भागकर कैच पकड़ा। वो ज्यादातर दबाव अपने ऊपर ही रखते हैं।

महेंद्र सिंह धोनी जैसा खिलाड़ी शायद ही कोई और होगा। उन्हें बेहतरीन खिलाड़ियों में गिना जाता है और अगर उन्हें लगता है कि वो अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दे सकते हैं तो वो जरूर खेलेंगे। हमने यही चीज पिछले मैच में भी देखी और उसके पहले मैच में भी। टीम को जब भी जरूरत पड़ी है धोनी ने आकर छक्के लगाए हैं और स्कोर को और बड़ा किया है। अब यह धोनी के ऊपर है कि वो इसको लेकर क्या फैसला लेते हैं।’

close whatsapp