पिछले 3 सालों में सरफराज खान ने जितने रन बनाए हैं उसको देखकर उन्हें मौका जरूर मिलना चाहिए था: सौरव गांगुली
सौरव गांगुली भी सरफराज खान का साथ दे रहे हैं और उनका मानना है कि जिस तरीके से युवा बल्लेबाज ने घरेलू क्रिकेट में रन बनाए हैं उसको देखकर उन्हें टेस्ट टीम में जरूर शामिल किया जाना चाहिए था।
अद्यतन - Jun 29, 2023 7:41 pm

भारत को अब वेस्टइंडीज का दौरा करना है और इस दौरे के लिए टेस्ट टीम में सरफराज खान को शामिल नहीं किया गया है। तमाम लोग इस चीज को देखकर काफी हैरान है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि उन्होंने पिछले काफी समय से भारतीय घरेलू क्रिकेट में काफी रन बनाए हैं।
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली भी सरफराज खान का साथ दे रहे हैं और उनका मानना है कि जिस तरीके से युवा बल्लेबाज ने घरेलू क्रिकेट में रन बनाए हैं उसको देखकर उन्हें टेस्ट टीम में जरूर शामिल किया जाना चाहिए था। बता दें, सरफराज खान ने भारतीय घरेलू क्रिकेट में पिछले काफी समय से काफी अच्छी बल्लेबाजी की है लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें लगातार नकार दिया है और इसी वजह से तमाम लोग भारतीय टीम मैनेजमेंट की जमकर आलोचना कर रहे हैं।
स्पोर्ट्सकीड़ा के मुताबिक सौरव गांगुली ने कहा कि, ‘मुझे लगता है कि रणजी ट्रॉफी में यशस्वी जायसवाल ने काफी रन बनाए हैं। ईरानी ट्रॉफी और दलीप ट्रॉफी में भी उनका प्रदर्शन काफी सराहनीय रहा है। मुझे लगता है इसीलिए उन्हें भारतीय खेमे में शामिल किया गया है। लेकिन मुझे सरफराज खान के लिए बहुत ही बुरा लगता है क्योंकि जिस तरीके से उन्होंने पिछले 3 सालों में रन बनाए हैं युवा बल्लेबाज को मौका जरूर मिलना चाहिए था।’
अभिमन्यु ईश्वरन को लेकर भी सौरव गांगुली ने अपना पक्ष रखा
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली के मुताबिक बेहतरीन बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन ने भी पिछले काफी समय से अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन उन्हें भी भारतीय टीम में मौका नहीं मिल रहा है। सौरव गांगुली के मुताबिक अभिमन्यु और सरफराज को भविष्य में मौका जरूर दिया जाएगा।
गांगुली ने आगे कहा कि, ‘कुछ ऐसा ही अभिमन्यु ईश्वरन उनके साथ भी देखने को मिला है। उन्होंने पिछले 5 से 6 सालों में काफी रन बनाए हैं। मैं यह चीज को देखकर काफी हैरान हूं कि इन दोनों ही खिलाड़ियों को मौका नहीं दिया गया है। हालांकि मुझे लगता है कि भविष्य में उन्हें मौका जरूर दिया जाएगा। लेकिन यशस्वी जायसवाल का चयन बहुत ही सही किया गया है।