‘मैं अपने खेल से काफी खुश हूं’: भारत के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले में शतक जड़ने के बाद डेविड मिलर ने कही यह बात
'वहां काफी गर्मी थी इसी वजह से मैंने ज्यादा रन भागने के बारे में नहीं सोचा और बाउंड्री मारने को देखा': डेविड मिलर
अद्यतन - Oct 3, 2022 4:47 pm

2 अक्टूबर को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका टीम ने बल्लेबाजी में काफी अच्छा प्रदर्शन किया। सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने 48 गेंदों में 69* रन की बहुमूल्य अर्धशतकीय पारी खेली वहीं डेविड मिलर ने 47 गेंदों में 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 106* रन बनाए। हालांकि 238 रन के विशालकाय स्कोर का पीछा करते हुए वो 16 रन से हार गए।
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 237 रन बनाए। टीम की ओर से केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। लेकिन इस पूरे मैच की लाइमलाइट डेविड मिलर ले गए। उन्होंने कमाल की पारी खेली। शुरुआती तीन विकेट दक्षिण अफ्रीका के मात्र 47 रन पर गिर गए थे, इसके बाद डी कॉक और डेविड मिलर के बीच चौथे विकेट के लिए 174 रन की नाबाद साझेदारी हुई। भले ही मिलर अपनी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे हो लेकिन वो अपनी इस पारी से काफी खुश लगे।
क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका द्वारा एक वीडियो साझा की गई है जिसमें मिलर ने कहा कि, ‘सच बताऊं तो, ये वाकई काफी मुश्किल था। मैं ज्यादा इन सब चीजों के बारे में नहीं सोचता लेकिन ऐसी पारी में बड़ा स्कोर बनाना मुझे काफी अच्छा लग रहा है। बस बुरा इस बात का लग रहा है कि इस पारी के बावजूद हम मैच हार गए। क्विंटन ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की। शुरुआत में जल्द विकेट गिरने की वजह से उनके ऊपर भी दबाव आ गया था लेकिन उसके बावजूद उन्होंने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और मेरे साथ एक महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई।’
क्विंटन और मेरे बीच में काफी अच्छी साझेदारी हुई: डेविड मिलर
डेविड मिलर को क्विंटन डी कॉक के साथ खेलने में काफी मजा आया और उन्होंने 174* रन की साझेदारी की जमकर प्रशंसा की।
डेविड मिलर ने कहा कि, ‘वहां काफी गर्मी थी इसी वजह से मैंने ज्यादा रन भागने के बारे में नहीं सोचा और बाउंड्री मारने को देखा। लेकिन हां यह बहुत ही अच्छी साझेदारी थी और मुझे क्विंटन के साथ बल्लेबाजी करने में काफी मजा आया। मैं इस समय जहां भी हूं, अपने खेल को लेकर काफी खुश हूं।
लेकिन सच बताऊं तो आपको कभी भी सफलता की गारंटी नहीं मिलती, आपको बस अतीत में की गई गलतियों को सीखकर उसे दोहराना नहीं चाहिए और अच्छा प्रदर्शन करने को देखना चाहिए। मैं इस मैच में अपने खेल के बारे में सोच रहा था और मैंने आज अपनी पारी का खूब लुफ्त उठाया।’
ये रही डेविड मिलर की वीडियो:
Centurion David Miller reacts to his special innings against India 👌#INDvSA #BePartOfIt pic.twitter.com/AUJ8pNVL3J
— Proteas Men (@ProteasMenCSA) October 3, 2022