सितंबर 15 Morning न्यूज हेडलाइंस: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।
अद्यतन - Sep 15, 2024 9:08 am

1) IND vs BAN: बांग्लादेश के खिलाफ चेन्नई टेस्ट से पहले अश्विन की वाइफ ने दिया खास रिएक्शन, पढ़ें पूरी खबर
भारत और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट मैच शुरू होने से पहले भारतीय टीम के अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) की पत्नी ने एक रिएक्शन दिया है, जो काफी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गौरतलब है कि एमए चिदंबरम स्टेडियम अश्विन का होम ग्राउंड है, जहां उन्होंने क्रिकेट का ककहरा सीखा। घरेलू क्रिकेट में अश्विन तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व करते हैं।
2) IND vs BAN: जानें जब बांग्लादेश ने आखिरी बार टेस्ट सीरीज के लिए भारत का दौरा किया, तो क्या हुआ था..?
बांग्लादेश ने खेल के सबसे लंबे फॉर्मेट में पहली बार भारत का सामना नवंबर 2000 में किया था। हालांकि, दोनों टीमों को भारत में टेस्ट मैच खेलने में 17 साल लग गए। बांग्लादेश ने आखिरी बार 2019 में टेस्ट सीरीज खेलने के लिए भारत का दौरा किया था, जहां दोनों ही मैचों में उन्हें बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। भारत ने पहला मैच एक इनिंग और 130 रनों से जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। मयंक अग्रवाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। वहीं दूसरा टेस्ट भारत ने एक इनिंग और 46 रनों से जीत दर्ज की।
3) ICC के एंटी करप्शन चीफ एलेक्स मार्शल ने ‘खराब तरीके से चलने वाली टी20 लीग’ से भ्रष्टाचार के खतरे की चेतावनी दी, जानें क्या कहा
इंटरनेशल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की एंटी करप्शन यूनिट टीम के चीफ एलेक्स मार्शल (Alex Marshall) ने हाल में ही आम जनता को आश्वस्त किया है कि वे जो क्रिकेट को देखते हैं, वह पूरी तरह से भ्रष्टाचार मुक्त है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग खेल को भ्रष्ट करना चाहते हैं, वे आमतौर पर लोकल टी20 लीग से सिस्टम में प्रवेश करते हैं। इन लीग्स को आईसीसी द्वारा नहीं बल्कि इसके सदस्य देशों द्वारा चलाया जाता है।
4) Duleep Trophy 2024: तिलक वर्मा के शतक पर आवेश खान ने किया उनका सिग्नेचर ‘Samaira Celebration’, आप भी देखें वीडियो
बेहतरीन बल्लेबाज तिलक वर्मा ने इस समय खेले जा रहे दलीप ट्रॉफी 2024 के तीसरे मुकाबले में इंडिया A की ओर से दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 193 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 111* रनों की बहुमूल्य पारी खेली। इस मैच में जैसे ही तिलक वर्मा ने सारांश जैन की गेंद पर दो रन भाग कर अपना शतक पूरा किया, उनके टीम के साथी आवेश खान को ‘Samaira Celebration’ करते हुए देखा गया। इस सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है।
5) ‘मैं हैरान था’ रांची टेस्ट में जो रूट द्वारा की गई स्लेजिंग को याद करते हुए ध्रुव जुरेल
बता दें कि हाल में ही ध्रुव जुरेल स्पोर्ट्स प्रेजेंटर जतिन सप्रू के साथ उनके यूट्यूब चैनल पर एक इंटरव्यू करते हुए नजर आए। जुरेल ने इस इंटरव्यू में रांची में हुए चौथे टेस्ट मैच को याद करते हुए कहा- वह (जो रूट) तब तक पूरी तरह आक्रामक हो चुका था और लगातार स्लेजिंग कर रहा था। इंग्लिश लहजे को सुनकर, मुझे उसमें से आधे शब्द तो समझ ही नहीं आए। इसके बाद इस स्लेजिंग में जाॅनी बेयरस्टो भी शामिल हो गए। मैं हैरान था, क्योंकि मैंने जो रूट से पूछा कि आईपीएल में आप मेरे साथ खेलते हैं, तो आप स्लेजिंग क्यों कर रहे हो। तो उन्होंने जबाव दिया- हम सभी अब अपने देश के लिए खेल रहे हैं।
6) इंग्लैंड के साथ दो साल का काॅन्ट्रैक्ट करने के लिए तैयार हैं बेन स्टोक्स, जो एशेज 2025-26 तक बढ़ सकता है: रिपोर्ट्स
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) हाल में ही अनुबंधित खिलाड़ियों के लिए नई काॅन्ट्रैक्ट पाॅलिसी ला रही है। इस नई पाॅलिसी में खिलाड़ी बोर्ड के साथ एक से अधिक साल के लिए करार कर सकेंगे। वहीं अब ताजा मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (Ben Stokes) ईसीबी के साथ दो साल की काॅन्ट्रैक्ट डील साइन कर सकते हैं। साथ ही स्टोक्स का यह काॅन्ट्रैक्ट साल 2025-26 के दौरान होने वाले एशेज सीरीज तक बढ़ाया जा सकता है।
7) तबरेज शम्सी ने विराट कोहली के शाॅट ऑफ सेंचुरी को कहा ‘अनरियल’, तो ट्रिस्टन स्टब्स ने कहा- क्या तुम इसकी…
विराट कोहली (Virat Kohli) ने टी20 वर्ल्ड कप 2022 के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ एक मैच में हारिस रउफ को एकदम सामने की ओर छक्का लगाया था। कोहली का यह शाॅट इतना ज्यादा शानदार था कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इसे ‘शाॅट ऑफ द सेंचुरी’ करार दिया। बता दें कि कोहली के इस शाॅट को लेकर शम्सी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक पोस्ट किया। इस पोस्ट में शम्सी ने लिखा- उसे गेंदबाज के सिर के ऊपर से 6 मारने का कोई इरादा नहीं था। अनरियल शाॅट।
8) इंडिया B की ओर से अभिमन्यु ईश्वरन शतक लगाकर क्रीज पर है टिके, इंडिया C के गेंदबाजों ने भी दिखाया कमाल का प्रदर्शन
इस समय दलीप ट्रॉफी 2024 का चौथा मुकाबला इंडिया B और इंडिया C के बीच में खेला जा रहा है। खेल का तीसरा दिन समाप्त होने पर इंडिया B ने अपनी पहली पारी में 7 विकेट खोकर 309 रन बना लिए हैं। वह अब भी पहली पारी में 216 रनों से पीछे है। इंडिया B की ओर से अभिमन्यु ईश्वरन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 262 गेंदों में 12 चौके और 1 छक्के की मदद से 143* रनों की पारी खेली। वह फिलहाल क्रीज पर मौजूद हैं। वो इंडिया B की ओर से एकमात्र बल्लेबाज हैं, जिन्होंने इंडिया C के गेंदबाजों को परेशान किया हुआ है।
9) Duleep Trophy: IND-A vs IND-D, Day 3: तिलक-प्रथम ने ठोके शतक, इंडिया-डी को जीत के लिए मिला 488 रनों का लक्ष्य
दलीप ट्रॉफी 2024 के दूसरे राउंड में तीसरा मुकाबला इंडिया-ए और इंडिया-डी के बीच अनंतपुर में 12 सितंबर से खेला जा रहा है। खेल के दूसरे दिन के अंत तक इंडिया-ए ने दूसरी पारी में एक विकेट के नुकसान पर 115 रन बना लिए थे। खेल के तीसरे दिन इंडिया-ए ने दूसरी पारी 380 रनों पर घोषित की और इंडिया-डी को मैच जीतने के लिए 488 रनों का लक्ष्य मिला है। दिन के अंत तक इंडिया-डी ने एक विकेट के नुकसान पर 62 रन बना लिए हैं। टीम को अब जीत के लिए 71 ओवरों में 426 रन बनाने की जरूरत है।
10) BCCI सचिव जय शाह ने सूर्यकुमार यादव को उनके जन्मदिन पर खास तरीके से दी शुभकामनाएं
सूर्यकुमार यादव को उनके जन्मदिन पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव जय शाह ने खास तरीके से शुभकामनाएं दी। जय शाह ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर सूर्यकुमार यादव के लिए लिखा कि, ‘जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं हमारे टी20 टीम के कप्तान और बल्ले से Mr. 360। मैं यही चाहता हूं कि मेन इन ब्लू टीम को लीड करें और उन्हें टी20 प्रारूप में कई जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए नजर आए। मेरी तरफ से आपको ढेर सारी शुभकामनाएं।’