WPL 2023: शैफाली वर्मा और तारा नॉरिस के प्रदर्शन से काफी खुश हैं दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान मेग लेनिंग
5 मार्च को खेले गए महिला प्रीमियर लीग 2023 के दूसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में 60 रन से मात दी।
अद्यतन - Mar 6, 2023 3:05 pm

5 मार्च को खेले गए महिला प्रीमियर लीग 2023 के दूसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में 60 रन से मात दी।
इस बेहतरीन मैच में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान मेग लेनिंग और सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 162 रन की विस्फोटक साझेदारी की जिसकी वजह से उनकी टीम ने 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 223 रन जड़े। बता दें, शैफाली वर्मा ने 45 गेंदों में 10 चौके और 4 छक्कों की मदद से 84 रन की मैच जिताऊ अर्धशतकीय पारी के लिए। कप्तान मेग लेनिंग ने 72 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इसके बाद USA की बेहतरीन तेज गेंदबाज तारा नॉरिस ने 4 ओवर में 29 रन देकर 5 विकेट झटके जिसकी बदौलत RCB 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 163 रन ही बना पाई। मुकाबला जीतने के बाद कप्तान मेग लेनिंग ने कहा कि, ‘हम सब ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया। शैफाली के साथ बल्लेबाजी करके काफी अच्छा। उन्होंने टीम को काफी अच्छी शुरुआत दी। फील्डिंग के लिए भी सबको पूरे अंक मिलते हैं। तारा ने भी स्टंप पर ही गेंदबाजी की जिसका उन्हें काफी अच्छा फल मिला।’
तारा नॉरिस ने भी रखा अपना पक्ष
तेज गेंदबाज तारा नॉरिस ने कहा कि, ‘मेग और शैफाली ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की। उनकी बल्लेबाजी की वजह से हम लोग काफी बड़ा स्कोर बना पाए। मैंने स्टंप में ही गेंदबाजी करने का सोचा। मुझे काफी डर लग रहा था क्योंकि इस बीच में रन काफी आसानी से बनते हैं लेकिन मैंने कुछ भी अलग हटके कोशिश नहीं की।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘एक गाना है जिसका नाम है तुनक तुनक। इसमें मेरा नाम है और यह बहुत ही अच्छा गाना है (हस्ते हुए)। भारत आकर काफी खुशी महसूस हो रही है और यहां लड़कियां भी काफी अच्छी है।’
दिल्ली कैपिटल्स को अपना अगला मुकाबला यूपी वॉरियर्स के खिलाफ खेलना है। इस मैच को लेकर दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान ने कहा कि, ‘यह बहुत ही अच्छा मुकाबला होगा। सभी टीमों के पास अच्छे खिलाड़ी हैं और हमारे पास भी अगले मुकाबले से पहले ज्यादा समय नहीं बचा है। यूपी वॉरियर्स के खिलाफ भी हम जीत दर्ज करने के लिए मैदान पर उतरेंगे।’