शेफाली वर्मा को मिली नई कमान, भारतीय अंडर-19 टीम की करेंगी कप्तानी - क्रिकट्रैकर हिंदी

शेफाली वर्मा को मिली नई कमान, भारतीय अंडर-19 टीम की करेंगी कप्तानी

जनवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले अंडर-19 महिला टी-20 वर्ल्ड कप के पहले सत्र में शेफाली भारतीय अंडर-19 महिला टीम की कप्तानी करेंगी।

Shafali Verma and Richa Ghosh (Pic Source-Twitter)
Shafali Verma and Richa Ghosh (Pic Source-Twitter)

भारतीय महिला टीम की दो बेहतरीन खिलाड़ी शेफाली वर्मा और रिचा घोष ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जा रही पांच मुकाबलों की टी-20 सीरीज के बाद अंडर-19 कैंप से जुड़ेंगी। बता दें, जनवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले अंडर-19 महिला टी-20 वर्ल्ड कप के पहले सत्र में शेफाली भारतीय अंडर-19 महिला टीम की कप्तानी करेंगी।

इससे पहले भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा था कि यह दोनों खिलाड़ी पांचवा और अंतिम टी-20 मुकाबला नहीं खेल पाएंगे क्योंकि उनको बैंगलोर में अंडर-19 महिला वर्ल्ड कप कैंप में जुड़ना है। इसकी शुरुआत 18 दिसंबर से हो रही है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मुकाबलों की टी-20 सीरीज 20 दिसंबर को खत्म होगी।

शेफाली और रिचा दोनों पूरी सीरीज खेलेगी और उसके बाद कैंप से जुड़ेंगी: हरमनप्रीत कौर

पहले ऐसा माना जा रहा था कि यह दोनों खिलाड़ी पांचवे टी-20 मुकाबले से पहले ही अंडर-19 कैंप से जुड़ जाएंगे लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी-20 मुकाबले को हारने के बाद हरमनप्रीत ने इस बात की पुष्टि की है कि शेफाली और रिचा इस टी-20 सीरीज के बाद ही कैंप से जुड़ेंगे।

द न्यू इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक हरमनप्रीत कौर ने कहा कि, ‘यह दोनों खिलाड़ी अब पूरी सीरीज खेलेंगे और उसके बाद ही कैंप से जुड़ेंगे।’

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के भारतीय चयन समिति ने शेफाली वर्मा को अंडर-19 टीम का कप्तान नियुक्त किया है। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज रिचा घोष को भी दल में शामिल किया है।

बता दें, शेफाली वर्मा ने अभी तक भारतीय टीम की ओर से 21 वनडे मुकाबले खेले हैं जिसमें उन्होंने 26.6 के औसत और 83.6 के स्ट्राइक रेट से 531 रन बनाए हैं। 49 टी-20 में उन्होंने 24.9 के औसत और 135.4 के स्ट्राइक रेट से 1198 रन जड़े हैं। उन्होंने दो टेस्ट मुकाबले भी खेले हैं जिसमें वर्मा ने 60.5 के औसत से 242 रन जड़े हैं।

वहीं रिचा घोष ने 17 वनडे मुकाबलों में 22.2 के औसत और 85 के स्ट्राइक रेट से 311 रन बनाए हैं। 28 टी-20 में उन्होंने 20.9 के औसत और 130 के स्ट्राइक रेट से 377 रन जड़े हैं।

close whatsapp