शैफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा ने आईसीसी महिला वनडे खिलाड़ियों की रैंकिंग में लगाई लंबी छलांग - क्रिकट्रैकर हिंदी

शैफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा ने आईसीसी महिला वनडे खिलाड़ियों की रैंकिंग में लगाई लंबी छलांग

श्रीलंका बनाम भारत वनडे सीरीज आईसीसी महिला चैम्पियनशिप (IWC) सीरीज का हिस्सा है। 

Shafali Verma. (Photo Source: Twitter)
Shafali Verma. (Photo Source: Twitter)

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने श्रीलंका के खिलाफ जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज में अपने शानदार प्रदर्शन के बदौलत एमआरएफ टायर्स आईसीसी महिला वनडे खिलाड़ियों की रैंकिंग में काफी बढ़त हासिल की हैं। यह सीरीज आईसीसी महिला चैम्पियनशिप (IWC) सीरीज का हिस्सा है।

भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा और युवा बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ अपने प्रदर्शन के दम पर एमआरएफ टायर्स आईसीसी महिला वनडे खिलाड़ियों की रैंकिंग में अपनी स्थिति में काफी सुधार किया है।

दीप्ति शर्मा बल्लेबाजों की सूची में दो स्थानों की बढ़त लेकर 29वें स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि गेंदबाजों की सूची में तीन स्थानों की बढ़त के साथ 16वें पायदान पर पहुंच गई हैं। जबकि ऑलराउंडरों की रैंकिंग में 20 अंक हासिल करते हुए वह सातवें स्थान पर पहुंच गई है।

आईसीसी महिला वनडे खिलाड़ियों की रैंकिंग में भारतीयों का रहा बोलबाला

इस बीच, शेफाली वर्मा 12 स्थानों की छलांग लगाते हुए बल्लेबाजों की रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ 36वें स्थान पर पहुंच गई है। वहीं स्मृति मंधना एक स्थान आगे बढ़कर आठवें स्थान पर आ गई है।

आईसीसी महिला वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में अन्य भारतीय क्रिकेटर पूजा वस्त्राकर (तीन स्थान ऊपर 61वें स्थान पर), राजेश्वरी गायकवाड़ (चार स्थान ऊपर 93वें स्थान पर) और मेघना सिंह (सात स्थान ऊपर 100वें स्थान पर) ने भी महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की हैं। उन्होंने गेंदबाजों की सूची में भी बढ़त हासिल की हैं, क्योंकि राजेश्वरी गायकवाड़ 12वें से 11वें, मेघना सिंह 58वें से 47वें और पूजा वस्त्राकर 57वें से 50वें स्थान पर आ गई हैं।

भारत की तेज गेंदबाज रेणुका सिंह 38 स्थानों की बढ़त के साथ 65वें स्थान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ दो वनडे मैचों में सात विकेट लिए हैं, और तीसरा और अंतिम मैच 7 जुलाई को खेला जाना है। आपको बता दें, शेफाली वर्मा 106 रनों के साथ श्रीलंका के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ियों की सूची में सबसे आगे चल रही हैं।

close whatsapp