'ज्यादा क्रिकेट खेलने की वजह से वो चोटिल हुए हैं'- शाहीन अफरीदी को लेकर आकिब जावेद का बड़ा बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘ज्यादा क्रिकेट खेलने की वजह से वो चोटिल हुए हैं’- शाहीन अफरीदी को लेकर आकिब जावेद का बड़ा बयान

बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के सामने भारतीय बल्लेबाजों को हमेशा परेशानी हुई है: आकिब जावेद

shaheen afridi and aqib javed (source-twitter)
shaheen afridi and aqib javed (source-twitter)

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर आकिब जावेद का मानना है कि तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी अधिक क्रिकेट खेलने की वजह से एशिया कप 2022 से बाहर हो गए हैं। इस समय शाहीन अफरीदी दुनिया के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक हैं। उनकी गति और स्विंग गेंदबाजी से तमाम बल्लेबाजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है।

टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में अफरीदी ने भारतीय टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को काफी परेशान किया था। उन्होंने इस मुकाबले में 4 ओवरों में 31 रन देकर 3 विकेट झटके थे। केएल राहुल, रोहित शर्मा और विराट कोहली को उन्होंने पवेलियन की राह दिखाई थी। उनकी इस घातक गेंदबाजी के चलते पाकिस्तान ने वो मुकाबला 10 विकेट से अपने नाम किया।

अब इन दोनों टीमों के बीच 28 अगस्त को एशिया कप 2022 में मुकाबला खेला जाएगा और इस मुकाबले में शाहीन अफरीदी गेंदबाजी करते हुए नहीं दिखेंगे। सिर्फ इस मुकाबले में ही नहीं बल्कि इस पूरे टूर्नामेंट में अफरीदी के ना होने से पाकिस्तान टीम को कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के सामने भारतीय बल्लेबाजों को काफी परेशानी हुई है: आकिब जावेद

आकिब जावेद का मानना है कि टीम में शाहीन अफरीदी के ना होने की वजह से पाकिस्तान को तगड़ा झटका लगा है। टीम की मानसिकता पर भी काफी असर पड़ा है। उन्होंने टीम से यह अपील की है कि भले ही अफरीदी टीम में ना हो लेकिन इसका असर उनके प्रदर्शन पर नहीं पड़ना चाहिए।

जिओ न्यूज़ से बातचीत के दौरान जावेद ने कहा कि, ‘शाहीन अफरीदी लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं और ज्यादा वर्कलोड की वजह से शायद वो इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं। इसमें कोई शक नहीं है कि एशिया कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में शाहीन अफरीदी का टीम में होना बहुत जरूरी है। इससे टीम की मानसिकता में भी काफी असर पड़ा होगा।

टीम मैनेजमेंट को भी धैर्य के साथ इस चुनौती से लड़ना होगा। उन्हें जल्दबाजी करने की कोई जरूरत नहीं है और शाहीन को आराम से ठीक होने देना चाहिए। पहले मोहम्मद आमिर और अब शाहीन अफरीदी, बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के सामने भारतीय बल्लेबाजों को हमेशा परेशानी हुई है। आमिर की वजह से हमने चैंपियंस ट्रॉफी 2017 अपने नाम की थी और शाहीन ने टी-20 वर्ल्ड कप 2021 में बेहतरीन प्रदर्शन किया था।

close whatsapp